कुदरत का करिश्मा : 2 मुंह, 2 कान और 4 आंखों वाले अद्भुत बछड़े ने लिया जन्म, देखने के लिए लग रही भीड़

    Loading

    उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के चंदौली में कुदरत की आनोखी रचना देखने को मिली। दरअसल यहां एक गाय ने दो सिर वाले बछड़े (Cow Calf) ने जन्म दिया है, जिसे देखने के लिए लोगों की भीड़ इकठ्ठा हो रही है। लोग दो सिर वाले बछड़े को देखने के लिए दूर-दूर से पहुंचने लगे हैं। बता दें कि, बछड़े के दो मुंह, दो कान और चार आंखे हैं। चंदौली (Chandauli) के बरहुली गांव में अरविंद यादव (Arvind Yadav) के घर इस बेहद खास बछड़े ने जन्म लिया है और वह  पूरी तरह से स्वस्थ्य है। 

    अरविंद यादव ने बताया कि, गाय ने रविवार की सुबह एक बछड़े को जन्म दिया। बछड़े के दो सिर थे जिसे देखकर हम हैरान रह गए। अरविंद यादव और उनके परिवार के लोग जहां इसे कुदरत का करिश्मा समझ कर हैरान थे। वहीं गांव के कुछ लोग इसे दैवीय चमत्कार भी मान रहे हैं। इस अजूबा बछड़े को देखने के लिए आसपास के गांव के लोग भी अरविंद यादव के घर पहुंच रहे हैं।  

    वहीं पशु चिकित्सा डॉक्टर्स का कहना है कि भ्रूण के विकसित होने के दौरान सेल्स के एबनार्मल विकास के चलते इस तरह के बचे का जन्म होता है। चंदौली के मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डाक्टर सत्य प्रकाश पांडेय ने बताया कि यह कोई दैवी चमत्कार नहीं है बल्कि गर्भ में भ्रूण के विकसित होने के दौरान कोशिकाएं कई भागों में बटती हैं और इस प्रक्रिया के दौरान कभी-कभी कोशिकाओं का अतिरिक्त विकास हो जाता है इसी वजह से दो सिर बन जाते हैं। डॉक्टर सत्य प्रकाश ने बताया कि कोशिकाओं के इस एबनॉर्मल डेवलपमेंट को पॉली सिफेली ( Poly Cephaly ) कहा जाता है।