हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में भूस्खलन की कई घटनाओं में आठ लोगों की मौत, चार घायल

    Loading

    शिमला: हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले में रविवार को भूस्खलन की कई घटनाओं में आठ लोगों की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सांग्ला-छितकुल के निकट बटसेरी के पास भूस्खलन की कई घटनाएं हुईं।

    पुलिस ने बताया कि एक टेम्पो पर भारी चट्टानों के गिरने की वजह से उसमें सवार 11 लोगों में से आठ की मौत हो गई और तीन घायल हो गए। उन्होंने बताया कि जिले में इसी तरह की एक अन्य घटना में एक व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि उन्होंने बचाव अभियान शुरू कर दिया है और आगे की जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।

    मौके पर बचाव कार्य शुरू 

    भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) की टीमें बचाव अभियान चलाने के लिए किन्नौर के बदसेरी गांव के पास घटनास्थल पर पहुंच गई हैं। एक यात्री में सफर कर रहे 12 लोगों में से 9 की मौत हो गई। जबकि एक स्थानीय सहित तीन लोग घायल हो गए।

    मुख्यमंत्री ने जताया शोक 

    राज्य के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने हादसे पर शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, “किन्नौर के बटसेरी में पहाड़ी दरकने से हुआ हादसा हृदयविदारक है। इसकी चपेट में आया पर्यटकों से सवार वाहन जिसमें 9 की मृत्यु व 2 घायल तथा 1 अन्य राहगीर के घायल होने की खबर अत्यंत दुखद है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति तथा शोकग्रस्त परिवार को संबल प्रदान करें।”

    उन्होंने कहा, “मैंने किन्नौर जिला प्रशासन से बात करके हादसे की जानकारी ली व उन्हें उचित दिशानिर्देश दिए। प्रशासन घटनास्थल पर राहत कार्य में जुट गया है तथा प्रभावितों को फौरी राहत प्रदान की जा रही है। घायल हुए व्यक्तियों को स्वास्थ्य लाभ शीघ्र प्राप्त हो, ईश्वर से यही कामना करता हूं। ॐ शांति!”