woman periods
File Photo

    Loading

    चंडीगढ़. पीरियड्स एक प्राकृतिक समस्या है। लेकिन क्या आपने कभी सुना है कि पीरियड्स के दौरान किसी के आंखों से खून आता हैं? जी हां, चंडीगढ़ में रहने वाली 25 साल की एक महिला कुछ ऐसी ही समस्या से गुजर रही है। पीरियड्स के दौरान इस महिला के आंखों से खून आता है। आश्चर्य की बात यह है कि महिला के आंखों से जब खून आता है उस दौरान उसे किसी भी प्रकार का दर्द या तकलीफ नहीं हो रही थी।

    महिला के अनुसार एक महीने पहले से उन्हें ये दिक्कत होनी शुरू हुई थी। हालांकि, इस महिला की कई रेडियोलॉजिकल और ऑप्थेमोलॉजिकल जांच के बाद भी डॉक्टर्स ये नहीं पता लगा पा रहे थे कि उन्हें आखिर क्या समस्या है।

    पीरियड्स के दौरान इस महिला के आंखों से खून आता देख डॉक्टर्स भी हैरान हुए। डॉक्टर्स ने गहन जांच करनी शुरू की तो उन्हें पता लगा कि ये महिला एक बेहद दुर्लभ समस्या से गुजर रही हैं जिसे ocular vicarious menstruation कहा जाता है। डॉक्टर्स के अनुसार इस महिला की आंखों से ब्लीडिंग तभी होती है जब ये महिला पीरियड्स पर होती है। डॉक्टर्स के अनुसार जो भी महिला इस दुर्लभ कंडीशन से गुजर रही होती हैं, उन्हें अक्सर फेफड़े, किडनी, नाक, आंख और होंठों से खून आने की शिकायत होती है।

    ब्रिटिश मेडिकल जर्नल ने भी इस केस स्टडी को पब्लिश किया है। बता दें कि इस महिला को अगले तीन महीनों तक ओरल कॉन्ट्रासेप्टिव (एस्ट्रोजेन और प्रोग्रेस्टेरोन) दिया गया जिसके बाद इस महिला के आंखों से खून आना बंद हो गया था और अब इस बेहद दुर्लभ कंडीशन के लिए इन कॉन्ट्रासेप्टिव्स को एक प्रभावी उपाय के तौर पर देखा जा रहा है।

    मालूम हो कि आंखों से खून आने की कंडीशन को हेमोक्लेरिया भी कहा जाता है। यह समस्या तब भी हो सकती है जब आंखों में किसी एंगल से चोट लग जाती है। हालांकि, इस महिला का मामला अलग था और इसे एक बेहद दुर्लभ कंडीशन में शुमार किया जाता है।

    गौरतलब है कि साल 2016 में एक ब्रिटिश टीनेजर मार्नी रे भी ऐसी ही समस्या से गुजरी। जब वह पीरियड पर होती थीं तो उसके कान, नाक, मुंह और नाखूनों से खून आने लगता था। वहीं साल 2014 में एक 31 साल की ब्लैक महिला के साथ भी ऐसी ही समस्या देखने को मिली थी।