dhoni

Loading

रांची. जहाँ भारतीय क्रिकेट टीम (Indian Cricket Team) के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) फिलहाल क्रिकेट में शानदार पारी खेलने के बाद, संन्यास लेकर आराम कर रहे हैं। वहीं वे अपने खाली समय का सदुपयोग अब सब्जियों की खेती (Farming) करने में कर रहे हैं। इन दिनों जहाँ धोनी के ‘इजा फार्म’ (EEJA Farm) हाउस की सब्जियों की धूम मची हुई है। वहीं धोनी के फार्म हाउस से हर दिन ताज़ी सब्जियां राजधानी रांची (Ranchi) के बाजारों में पहुंच रही हैं। इसके साथ ही उनके फार्म में उगाई गई ऑर्गेनिक सब्जी ग्राहकों को खूब पसंद भी आ रही हैं।

मार्केटिंग के मंझे खिलाड़ी धोनी अब किसी मंझे बिजनेसमैन के तरह पेनेट्रैटिंग प्राइस पर भरोसा करते दिख रहे हैं। पेनेट्रैटिंग प्राइस का मतलब यह है कि, शुरुआत में कि‍सी भी प्रॉडक्‍ट को बाजार भाव से सस्‍ता बेचना। मजे की बात यह है कि ऑर्गेनिक होते हुए भी उनके फार्म के गोभी और दूसरी सब्जियां बाजार की अन्य सब्जियों से सस्ती बेचीं जा रही हैं।

झारखण्ड के राजधानी रांची के डेली मार्केट की फल मंडी से थोड़ा से आगे ये धोनी का कियोस्क है जिसमें उनके फार्म में उगाई गईं सब्जियों की बिक्री हो रही है। यहाँ कई जगहों पर आउटलेट लगाए गए हैं। जिधर नज़र घुमाओ उधर धोनी की ही तस्वीरें दिख रही हैं। धोनी के इस बैनर पर डेयरी, ताजी सब्जियों और कड़कनाथ मुर्गी के अंडे की बिक्री की जानकारी दी गई है।

अगर सब्जियों का रेट देखें तो गोभी सिर्फ 10 रुपये प्रति किलो जबकि टमाटर सिर्फ 30 रुपये किलो बिक रहा है। होलसेल मात्रा में लेने पर ये और सस्ता मिलेगा। लिहाज़ा अब मार्केट में धोनी की सब्जियों का रिस्पांस बेहतरीन है।

इस मुद्दे पर दुकानदार अरशद आलम बताते हैं कि “सब्जियां ऑर्गेनिक तो है ही और ग्राहक को भा रही हैं। बड़ी बात ये है कि बाजार से यहां की सब्जियां सस्ती भी हैं। धोनी का टैग और सब्जियां को ब्रांड धोनी खास भी बना रही है। ये हम नहीं, अब खुद ग्राहक कह रहे हैं।”बताया जा रहा है कि अब जल्द ही बाजार में मटर, स्ट्रॉबेरी और कड़कनाथ अंडा भी धोनी के फार्म से उपलब्ध करवाया जाएगा। पूरे फार्म से लेकर बाजार के आउटलेट पर खुद धोनी ही नज़र रख रहे हैं।

गौरतलब है कि धोनी ने अपने 43 एकड़ के फार्म हाउस में बड़े पैमाने पर खेती कर रखी है। जिसमे  उन्होंने टमाटर, फूल गोभी, पत्ता गोभी, मटर, कैप्सिकम, के साथ साथ कई अन्य सब्जियां भी हैं हैं। इसके साथ ही अब जल्द ही धोनी कड़कनाथ मुर्गे और अंडे की बिक्री शुरू करवाएंगे। महेंद्र सिंह धोनी निसंदेह अपनी दूसरी पारी में भी गजब की कप्तानी कर रहे हैं।