1 thousand 'sports skill centers' to be built in the country Kiren Rijiju

Loading

पुणे. 2028 तक ओलंपिक (Olympics) में पदक (Medal) जीतने वाले देशों की सूची में भारत (India) का स्थान पहले दस में हो, यह मेरा सपना है। इस सपने का साकार करना है। स्थानीय स्तर पर खिलाड़ियों का चयन (Selection) कर उन्हें ट्रेनिंग (Training) देने की जरूरत है। 

देश में करीब 700 जिले हैं। इस तरह से पूरे देश में करीब 1 हजार खेलो  इंडिया निपुणता केंद्र बनाने की योजना है। यह घोषणा देश के केंद्रीय खेल मंत्री किरेन रिजिजू (Kiren Rijiju) ने की।

खेलो इंडिया ‘राज्य निपुणता केंद्र’ का लोकार्पण

खेलो इंडिया राज्य निपुणता केंद्र के लोकार्पण कार्यक्रम में वे बोल रहे थे। केंद्रीय युवा व खेल मंत्रालय और खेल व युवक सेवा संचालनालय, महाराष्ट्र राज्य द्वारा पुणे के शिवछत्रपति स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, म्हालुंगे बालेवाड़ी में यह कार्यक्रम हुआ। यहीं पर यह केंद्र बनाया गया है। राज्य के खेल मंत्री सुनील केदार, खेल राज्य मंत्री अदिति तटकरे, राज्य के खेल आयुक्त ओमप्रकाश बकोरिया, स्पोर्ट्स एथोरिटी ऑफ इंडिया की विभागीय संचालिका सुष्मिता जोत्सी, सांसद गिरीश बापट, पिंपरी-चिंचवड़ की महापौर उषा ढोरे, पिंपरी-चिंचवड़ पुलिस कमिश्नर कृष्ण प्रकाश आदि इस समय उपस्थित थे।

कई खिलाड़ियों का सम्मान

इस मौके पर केंद्र के लिए तकनीकी सुविधा के संदर्भ में खेल और युवक सेवा संचालनालय व स्पोर्ट्स एथॉरिटी ऑफ इंडिया के साथ एक समझौता किया गया है। 2021 में टोकियो में होने वाले ओलंपिक में निशानेबाजी में पात्र हुईं  तेजस्विनी सावंत, रानी सरनोबत, स्वरूप उन्हालकर और बैडमिंटन में 10 वर्ष से कम उम्र के गुट के वर्ल्ड के दूसरे नंबर की खिलाड़ी वरुण कपूर को किरेन रिजिजू के हाथों सम्मानित किया गया। इस मौके पर रिजिजू ने कहा कि कई कमजोर प्रदर्शन या खेल से बाहर जाने वाले खिलाड़ियों को आर्थिक दृष्टि से कठिन स्थिति का सामना करना पड़ता है। ऐसे समय में इन खिलाड़ियों के साथ सरकार खड़ी रहेगी। खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए सरकार के साथ आम नागरिकों को प्रयास करना चाहिए। इसके लिए क्रिकेट की तरह अन्य खेलों की व्यूअपरशिप महत्वपूर्ण मुद्दा है। खेल और युवक सेवा संचालनालय के उप संचालक सुधीर मोरे ने आभार जताया।

प्रोजेक्ट पर 38 करोड़ रुपए का खर्च

पुणे में शुरू हुए इस राज्य निपुणता केंद्र में निशानेबाजी, साइकिलिंग और एथलीट जैसे खेलों के 30-30 के हिसाब से 90 खिलाड़ियों को ट्रेनिंग दी जाएगी। इनमें खिलाड़ियों को ट्रेनिंग, आवास और भोजन की व्यवस्था भी शामिल होगी। इन पूरे प्रोजेक्ट में कुल खर्च 38.2 करोड़ रुपए होगा। फिलहाल खिलाड़ियों के चयन का काम जारी है। खेलो इंडिया राज्य निपुणता केंद्र में सोमवार को शूटिंग रेंज के लिए 3.70 करोड़, स्पोटर्स साइंस सेंटर के लिए 1.30 करोड़ और शेष खर्च के लिए 2.75 करोड़ रुपए केद्र सरकार ने उपलब्ध कराए।