Representative image
Representative image

    Loading

    पिंपरी. पर्यटन के लिए मशहूर हिल स्टेशन (Hill Station) लोनावाला (Lonavala) में छह लोगों के गैंग ने एक बालरोग विशेषज्ञ डॉक्टर (Doctor) के घर में डकैती की। बुजुर्ग डॉक्टर और उनकी पत्नी को जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद उनके हाथ-पैर बांधकर डकैतों ने 50 लाख रुपए नकद और 16 लाख रुपए के सोने के आभूषण कुल मिलाकर 66 लाख रुपए का माल लूट लिया। बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. हीरालाल जगन्नाथ खंडेलवाल के घर में हुई डकैती की इस वारदात को लेकर लोनावला पुलिस (Lonavala Police) ने मामला दर्ज किया गया है।  

    पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर 73 वर्षीय बालरोग विशेषज्ञ डॉ. हीरालाल का लोनावला में एक अस्पताल है। वे और उनकी पत्नी अस्पताल की पहली मंजिल पर रहते हैं। अस्पताल में नाइट शिफ्ट में तीन कर्मचारी हैं। गत देर रात को अचानक छह लोगों की गैंग स्लाइडिंग की खिड़की के रास्ते से सीधे डॉक्टर के बेडरूम में घुस गए। उन्हें चाकू से धमकाते हुए कहा कि अगर शोर मचाया तो जान से मार देंगे। हरिलाल और उसकी पत्नी विजया दोनों भयभीत थे। लुटेरों ने उनके हाथ-पैर को रस्सियों से बांध दिया और अलमारी की चाबी और पैसे की मांग की। दंपति के बताए अनुसार डकैतों ने ड्रावर में से अलमारी की चाबियां ली और कुल 66 लाख रुपए के माल उड़ा लिए, जिसमें 50 लाख रुपए नकद और 16 लाख रुपए के जेवरात शामिल हैं। 

    पुलिस ने शुरु की जांच

    लूटपाट के बाद धमकाते हुए डकैतों ने उनसे कहा कि अगर इस घटना की सूचना पुलिस को दी तो एक महीने के बाद दोबारा से आएंगे और जान से मार देंगे। इसके पश्चात वे चद्दर बांधकर बेडरूम से बंगले के बाहर नीचे उतरे और भाग गए। उनके कुछ साथी नीचे भी खड़े थे। उनके जाने के बाद डॉक्टर ने अपने हाथ और पैर की रस्सियों को खोला और अलार्म बजाया। तभी रात के कर्मचारी दौड़ते हुए ऊपर आए। उनमें से एक ने तुरंत लोनावला पुलिस को फोन किया। सहायक पुलिस अधीक्षक नवनीत कावत और वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक दिलीप पवार मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। इस बारे में मामला दर्ज कर पुलिस डकैतों की तलाश में जुट गई है। हीरालाल का बड़ा बेटा गौरव गुजरात में स्पाइनल सर्जन है और उनका दूसरा बेटा वैभव इंजीनियर है। वह पिछले 17 साल से अमेरिका में हैं।