Gun Shootout
File Photo

    Loading

    पुणे. राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के युवा नेता रविराज सदाशिवराव तावरे पर फायरिंग (Firing) होने की घटना बारामती तालुका (Baramati Taluka) के मालेगांव बुद्रुक में सोमवार की शाम घटी। तावरे पर टू-व्हीलर पर सवार होकर आये अज्ञात व्यक्ति ने फायरिंग की। इस घटना के बाद तावरे को तुरंत बारामती शहर के प्राइवेट हॉस्पिटल ले जाया गया। तावरे उपमुख्यमंत्री अजीत पवार (Deputy Chief Minister Ajit Pawar) के करीबी कार्यकर्ताओं में शुमार है। उन पर फायरिंग की घटना से गांव में खलबली मच गई है। 

    पुलिस से मिली प्राथमिक जानकारी के अनुसार, रविराज तावरे पत्नी और जिला परिषद सदस्या रोहिणी तावरे के साथ शाम पौने सात बजे संभाजीनगर में वड़ापाव लाने के लिए गए थे। वड़ापाव लेकर गाड़ी की तरफ आने के दौरान अचानक टू-व्हीलर पर आये दो लोगों ने उन पर फायरिंग कर दी। इस घटना के बाद तावरे नीचे गिर गए, जबकि गाड़ी में बैठी उनकी पत्नी अचानक हुए हमले से सहम गई। उन्होंने खुद को संभालते हुए शोर मचाया। इसके बाद परिसर में क्रिकेट खेल रहे लड़के घटनास्थल की तरफ दौडे, लेकिन तब तक हमलावर भाग चुके थे।

    अस्पताल में चल रहा इलाज

    घायल अवस्था में रविराज तावरे को दादा जराड़, मयूर भापकर, युवराज जेधे, आदेश डोबाले ने अपने दोस्त की कार में बारामती के प्राइवेट हॉस्पिटल लेकर गए। उनका उपचार शुरू कर दिया गया है। इस घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया है। रविराज तावरे मालेगांव परिसर में बड़े व्यक्ति के रूप से पहचाने जाते है। उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के निकटवर्ती कार्यकर्ताओं में उनकी गिनती की जाती है। मालेगांव के राजनीतिक घटनाक्रम में रविराज तावरे की भूमिका अहम रहती है। उन पर हुई फायरिंग को लेकर अलग अलग चर्चाएं शुरू हो गई है। बहरहाल पुलिस छानबीन में जुटी हुई है।