froud
FILE- PHOTO

    Loading

    पुणे. 270 फीसदी रिटर्न्स का झांसा देकर बड़े व्यवसायियों समेत सात लोगों के साथ 32 करोड़ की धोखाधड़ी (Fraud) किए जाने का मामला सामने आने से पुणे (Pune) में खलबली मच गई है। लॉ कॉलेज रोड पर एक आलीशान हाउसिंग सोसायटी में शुरू किए गए वेल्थ प्लैनेट लि. (यूके) (Wealth Planet Ltd.) नामक कंपनी द्वारा यह धोखाधड़ी की गई है। इस मामले में हेमंत बालकृष्ण गुजराथी (50) ने डेक्कन पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।  इसके आधार पर कंपनी के सीईओ अभिजीत संजय कुलकर्णी, उसकी पत्नी प्रज्ञा अभिजीत कुलकर्णी, अनिकेत संजय कुलकर्णी, श्वेता श्रीधर नातू और नितिन पाष्टे के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

    पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अभिजीत कुलकर्णी वेल्थ प्लैनेट लिमिटेड कंपनी का सीईओ है, उसकी पत्नी प्रज्ञा टीम लीडर है। अनिकेत सीएफओ है। श्वेता सीओओ और नितिन पाष्टे ओवरसीज सपोर्ट हेड था। शिकायतकर्ता गुजराती व्यवसायी है। उनकी चाकण में कंपनी है। आरोपियों ने उनका विश्वास जीता और उन्हें वेल्थ प्लैनेट कंपनी में निवेश करने पर उन्हें 270 फीसदी रिटर्न का झांसा दिया। उनके इस झांसे में उन्होंने 2 करोड़ का निवेश किया। हालांकि उन्हें वापस किये जाने वाले 5 करोड़ 66 लाख रुपए और नुकसान भरपाई 4 करोड़ 75 लाख 44 हज़ार रुपए सहित 12 करोड़  41 लाख रुपए नहीं देकर उनके साथ ठगी की। 

    चेक हुआ बाउंस

    शिकायतकर्ता गुजराथी के साथ ही आरोपियों ने अन्य व्यवसायियों समेत 6 लोगों दवारा जमा किये गए 19 करोड़ 51 लाख रुपए वापस नहीं कर ठगी की। इस तरह से इस कंपनी ने शिकायतकर्ता और अन्य लोगों से कुल 31 करोड़ 92 लाख 44 हज़ार रुपए की ठगी की। यह पूरी घटना 2018 से 2021 के बीच घटी है। आरोपियों ने शिकायतकर्ता को 12 करोड़ का चेक दिया था लेकिन वह बैंक में बाउंस हो गया। इसके बाद उन्होंने  पुलिस से इसकी शिकायत कर दी। मामले की प्राथमिक जांच करने के बाद केस दर्ज किया गया है। फिलहाल पुलिस ने इस बारे में मामला दर्ज कर लिया है और छानबीन शुरू कर दी है।