mahada

    Loading

    पुणे. महाराष्ट्र गृहनिर्माण एवं क्षेत्र विकास प्राधिकरण (MHADA) के माध्यम से आम लोगों के घरों की स्वप्नपूर्ति का कार्य अविरत जारी है। गुढ़ी पाड़वा (Gudi Padwa) के शुभ अवसर पर म्हाडा के 2 हजार 890 घरों की लॉटरी (Lottery) के लिए ऑनलाइन पंजीयन (Online Registration) की प्रक्रिया 13 अप्रैल से शुरू हो गई। म्हाडा की ओर से वर्ष 2022 तक सभी के लिए घरों की उद्दिष्ट पूर्ति की दिशा में सरकार की ओर से प्रयास किए जा रहे हैं, ऐसी जानकारी राज्य के उपमुख्यमंत्री अजीत पवार ने दी।

    उपमुख्यमंत्री अजीत पवार के सरकारी निवास ‘देवगिरी’ पर वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए मंगलवार को पुणे मंडल के विभिन्न गृहनिर्माण योजना के 2 हजार 908 घरों की ऑनलाइन पंजीयन प्रक्रिया की शुरुआत हुई। इस समय गृह निर्माण मंत्री जितेंद्र आव्हाड, गृहनिर्माण राज्यमंत्री सतेज पाटिल, गृहनिर्माण विभाग के प्रधान सचिव एसवीआर श्रीनिवास, म्हाडा के उपाध्यक्ष तथा मुख्य कार्यकारी अधिकारी अनिल डिग्गीकर, म्हाडा के वित्त नियंत्रक विकास देसाई आदि उपस्थित थे।

    म्हाडा आम लोगों के घरों की सपनों को पूरा करने वाली संस्था 

    अजीत पवार ने कहा कि म्हाडा आम लोगों के घरों की सपनों को पूरा करने वाली संस्था है। पुणे मंडल के पुणे, पिंपरी-चिंचवड, सोलापुर और कोल्हापुर जिले में 2 हजार 908 घर किफायती दामों पर उपलब्ध होंगे। सरकार आम लोगों को उनका अपना मकान दिलाने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।

     29 को होगा घरों के लिए ड्रॉ

    म्हाडा की वेबसाइट पर पूरी जानकारी उपलब्ध है तथा आवेदन भी वहीं किया जा सकता है। इन घरों के लिए 29 मई 2021 को म्हाडा पुणे ऑफिस में सुबह 10 बजे ड्रॉ निकाला जाएगा। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत पुणे जिले में म्हालूंगे (चाकण) में 209, कोल्हापुर जिले के कागल में 432, ऐसे कुल 641 घर या सर्व सदनिका सबसे कम आय वर्ग के लिए है। इसके अलावा म्हाडा गृहनिर्माण योजना के तहत कम आय गुट के लिए मोरवाड़ी पिंपरी (पुणे) में 14 घर और मध्यम आय गुट के लिए 2 घर, 20 प्रतिशत सर्वसमावेशक गृहनिर्माण योजना के तहत कम आय गुट के लिए पुणे महानगरपालिका की सीमा में लोहगांव, बाणेर, हडपसर, धनकवड़ी, खराडी, वडगांव शेरी, येवलेवाड़ी के 300 घरों का समावेश है। पिंपरी0-चिंचवट महानगरपालिका की सीमा में पिंपले नीलख, ताथवड़े, किवले, पुनावले, मोशी, वाकड, रावेत, रहाटणी, चरोली, चिखली, उरवडे, डुडूल गांव के 455 घरों का ड्रॉ में समावेश रहेगा।

    पहले आने वाले को प्राथमिकता

    इस योजना के तहत उच्च आय गुट के लिए सोलापुर में 5 घर, मध्यम आय गुट के लिए सोलापुर में 63 घर, चाकण-म्हालुंगे-इंगले में 499 घर उपलब्ध कराए गए है। कम आय गुट के लिए चाकण-म्हालुंगे-इंगले, चिखलीय येवलेवाड़ी, वडमुखवाड़ी में 862 घर ड्रॉ में उपलब्ध होंगे। सबसे कम आय गुट के लिए चाकण-म्हालुंगे-इंगले में 67 घर उपलब्ध है।

    पंजीयन हुआ प्रारंभ

    इन घरों के ड्रॉ में शामिल होने के इच्छुक लोग 13 अप्रैल से ऑनलाइन आवेदन कर सकते है। 14 मई तक ऑनलाइन आवेदन किया जा सकता है। 15 मई तक डिपॉजीट की रकम भरनी होगी। 16 मई तक बैंकों से सीधे डिपॉजीट की रकम भरने की सुविधा रहेगी, ऐसी जानकारी म्हाडा के जनसंपर्क अधिकारी हेमंत पाटिल ने दी।