Chandrakant Patil and Raj

    Loading

    पुणे. पिछले कुछ दिनों से लगातार भाजपा (BJP) और मनसे (महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना) (Maharashtra Navnirman Sena) के गठबंधन (Alliance) की खबरों ने जोर पकड़ा है। हालांकि, अब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष (BJP State President) चंद्रकांत पाटिल ने ही इस पर सवालिया निशान लगा दिया है। पुणे में एक प्रेस कांफ्रेंस में पाटिल ने मनसे से गठबंधन पर टिप्पणी की है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि मनसे के साथ गठबंधन का अंतिम फैसला हमारे वरिष्ठ नेता ही करेंगे।

    स्थानीय निकायों के चुनावों में भाजपा- मनसे के गठबंधन के मुद्दे पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल ने बड़ा बयान दिया है कि मनसे के साथ गठबंधन बनाने का फैसला केंद्र के नेता ही करेंगे। अलायंस के संबंध में मनसे की भूमिका को लेकर रही गलतफहमी दूर हो गई है। भविष्य में गठबंधन हो सकता है लेकिन अंतिम फैसला हमारे वरिष्ठ नेता करेंगे। एक सवाल के जवाब में उन्होंने दोहराया कि उन्हें राज ठाकरे के भाषण की क्लिप मिल गई है। यही सच्चाई है, फिर यह किसने भेजा है इसका कोई मतलब नहीं है।

    चंद्रकांत पाटिल ने यह भी कहा कि राज ठाकरे मेरे पसंदीदा व्यक्तित्व हैं, वे स्पष्ट और सच बात करते हैं। उनके भाषणों को मैंने सुना है, हालांकि मनसे के साथ गठबंधन को लेकर मेरे और राज ठाकरे के बीच अब तक कोई चर्चा नहीं हुई। जो कुछ बातचीत हुई है वह अलायंस के विरोध की नीति के मुद्दे पर हुई है। चंद्रकांत पाटिल ने स्पष्ट किया कि इस मुद्दे पर गलतफहमी को दूर करने की कोशिश है। यह दूर होने के बाद ही गठबंधन की चर्चा संभव है। उन्होंने यह भी कहा कि एक दो दिन में उनकी और राज ठाकरे की मुलाकात होगी।