पुणेकरों के पीने के पानी की समस्या हुई खत्म

Loading

  • चारों जलाशयों में जमा हुआ 20 TMC पानी  
  • खडकवासला जलाशय से छोड़ा गया 11704 क्यूसेक पानी का विसर्ग 

पुणे. इस बार बरसात के मौसम में भी मानसून के मेहरबान न होने के कारण शहर को जलापूर्ति करनेवाले खडकवासला परियोजना के चारों जलाशयों में पर्याप्त पानी नहीं था. इस वजह से इस साल पानी किल्लत की नौबत पुणेकरों पर आने की आशंका जताई जा रही थी. लेकिन विगत हफ्ते से लगातार बारिश के चलते इन जलाशयों में पानी की वृद्धि हो रही है.  जलाशयों में लगभग 20 टीएमसी पानी जमा हो चुका है. जबकि पूरी क्षमता 28 टीमएसी की है. यानी पुणेकरों को अब सालभर तक पीने के पानी की समस्या नहीं आएगी. इस बीच खडकवासला जलाशय 100 प्रतिशत भर चुका है. जलाशय से गुरुवार को 11704 क्यूसेक पानी का विसर्ग किया गया. ऐसी जानकारी सिंचाई विभाग द्वारा दी गई. 

बाबा भिड़े पुल पानी के नीचे 

ज्ञात हो कि पुणे शहर को खडकवासला परियोजना के चार जलाशयों से जलापूर्ति की जाती है. इसमें खडकवासला, पानशेत, वरसगांव और टेमघर जलाशय का समावेश है. फिलहाल तो  जलाशयों में पर्याप्त पानी था, लेकिन अब विगत हफ्ते से शहर और जलाशय परिसर में अच्छी बारिश हो रही है. लगातार बारिश के चलते इन जलाशयों में  पानी की वृद्धि हो रही है. जलाशयों में हाल ही में लगभग 20 टीएमसी पानी है. इससे पुणेकरों की आगामी साल भर की प्यास बुझ सकती है. 

100 % भर चुका है खडकवासला जलाशय

इस बीच, शहर को जलापूर्ति करनेवाले जलाशयों में से खडकवासला जलाशय सबसे छोटा है. इसकी क्षमता 1.97 टीएमसी की है. यह जलाशय तत्काल भर जाता है. इस वजह से जलाशय से पानी का विसर्ग किया जाता है. कई दिनों  से हो रहे अच्छी बारिश के चलते खडकवासला जलाशय 100% भर चुका है. इसमें 1.97 टीएमसी पानी संचय हुआ है. इस वजह से सिंचाई विभाग द्वारा गुरुवार को जलाशय से 11704 क्यूसेक पानी का विसर्ग किया गया. जो लगातार जारी है. सुबह 8 बजे से ही पानी का विसर्ग किया जा रहा है. मुठा नदी से पानी का विसर्ग किए जाने से ऐतिहासिक बाबा भिड़े पुल पानी के नीचे आया. जिसके चलते यातायात में बदलाव करना पड़ा. ऐसी जानकारी महापालिका द्वारा दी गई. 

जलाशयों की पानी की स्थिति 

जलाशय                       टीएमसी              प्रतिशत 

खड़कवासला                 1.97                      100

पानशेत                         8.15                     76.58

वरसगांव                        8.07                    62.97

टेमघर                           1.84                      49.50

कुल                              20.04                    68.73