यह क्या मजाक चल रहा, UP को हल्के में ले रही कांग्रेस

    Loading

    देश की दूसरे नंबर की बड़ी राष्ट्रीय पार्टी कांग्रेस जिसकी पंजाब, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में सरकारें हैं, उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव को इतने हल्के तौर पर क्यों ले रही है? क्या कांग्रेस नेता अपनी समृद्ध विरासत पूरी तरह भूल चुके हैं कि यूपी में कभी गोबिद वल्लभ पंत, चंद्रभानु गुप्त, संपूर्णानंद, कमलापति त्रिपाठी व हेमवती नंदन बहुगुणा जैसे दिग्गजों के नेतृत्व में कांग्रेस की मजबूत सरकारें हुआ करती थी. इसी यूपी ने देश को नेहरू, लालबहादुर शास्त्री, इंदिरा गांधी, राजीव गांधी जैसे कांग्रेसी प्रधानमंत्री दिए. 

    अपने पुराने किले को फिर जीतने का अरमान यदि कांग्रेस के दिल में रहता तो वह उत्तर प्रदेश के चुनाव के प्रति गंभीरता दिखाती. जिस समय कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ का नारा देते हुए महिलाओं को बड़ी तादाद में कांग्रेस की उम्मीदवारी देने की बात कही थी तो लगा था कि पार्टी पूरे जोश के साथ चुनाव लड़ेगी. इसके सर्वथा विपरीत कांग्रेस चुहलबाजी में लगी है. जब प्रियंका गांधी से पूछा गया कि यूपी चुनाव में कांग्रेस का मुख्यमंत्री चेहरा कौन होगा तो उन्होंने तपाक से कहा कि क्या उनके चेहरे के अलावा कोई चेहरा दिखता है? 

    उनके ऐसा कहने से संदेश गया कि कांग्रेस की ओर से प्रियंका ही सीएम पद का चेहरा हैं लेकिन दूसरे ही दिन उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि पार्टी मुख्यमंत्री का चेहरा तय करेगी. यही कांग्रेस पार्टी का तरीका है. आखिर प्रियंका ऐसा ढुलमुल रवैया क्यों अपना रही हैं? क्या उन्होंने चुनाव को मजाक बना रखा है? कांग्रेस हाईकमांड के रूप में सोनिया, राहुल और प्रियंका को ही देखा जाता है फिर खुद को सीएम का चेहरा बताने के बाद प्रियंका ने यूटर्न क्यों ले लिया? 

    चुनाव के पूर्व सीएम का चेहरा तय हो जाने से कार्यकर्ताओं को भी प्रचार में आसानी हो जाती है? 2019 के लोकसभा चुनाव में प्रदेश की 80 में से सिर्फ 1 सीट जीतनेवाली कांग्रेस क्या आत्मविश्वास खो बैठी है? उसके कार्यकर्ताओं को जोशीला नेतृत्व चाहिए. सीएम का चेहरा बताने में झुंझलाहट क्यों होनी चाहिए? निश्चित रूप से ऐसे मौके पर कई सवाल पूछे जाएंगे जिनका जवाब देने के लिए प्रियंका और राहुल को तैयार रहना होगा. यूपी के महत्वपूर्ण चुनाव को हल्के में लेना कांग्रेस के लिए आत्मघाती होगा.