कॉकरोच से बना शरबत पीते हैं इस देश के लोग, फायदे जानकर चौंक जाएंगे आप !

Loading

लोग अक्सर कॉकरोच (Cockroach) से डरते हैं पर क्या आप जानते हैं चीन (China) के लिए कॉकरोच एक कमाई का जरिया है। कॉकरोच में औषधीय गुण पाएं जाते हैं जिसके चलते चीन में इन्हें उद्योग का उत्तम स्रोत माना जाता है। बड़े पैमाने पर इसकी पैदावार की जाती है। चीन सहित कई एशियाई देशों में कॉकरोच को स्टाटर के रूप में परोसा जाता है। लोग कॉकरोच को तल कर मजे लेकर खाते हैं। 

साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट के अनुसार चीन के शीचांग शहर में एक दवा कंपनी हर साल 600 करोड़ कॉकरोजों को पालती है। इस बड़ी सी बिल्डिंग का क्षेत्रफल लगभग दो खेल के मैदानों के बराबर है। इन कॉकरोजों को अलमारियों की पतली कतारों में बड़ा किया जाता है। भोजन के लिए खाने और पानी का इंतजाम होता है। कमरे में अंधेरे के साथ वातावरण में गर्मी और सीलन बरकरार रखी जाती है। फार्म को सूरज की रोशनी से दूर रखा जाता है। कीड़ों को घूमने और प्रजनन करने की आजादी होती है पर वो बिल्डिंग के बाहर नहीं जा सकते हैं।

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस सिस्टम से कॉकरोच पालन पर नजर रखी जाती है। बिल्डिंग के तापमान, भोजन और नमी पर नियंत्रण रखा जाता है। कॉकरोच की पैदावार अधिक से अधिक किये जाने का लक्ष्य होता है। कॉकरोच के व्यस्क होने पर इन्हें कुचल दिया जाता है और इसका शरबत बनाया जाता है। बता दें कि , इस शरबत का उपयोग परंपरागत दवाई के रूप में किया जाता है। जिसका उपयोग दस्त, उल्टी, पेट के अल्सर, सांस की परेशानी और अन्य बीमारियों के इलाज के लिए होता है।  

शानडॉन्ग एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर लियू यूशेंग ने बताया कि, कॉकरोच एक चमत्कारी दवा के रूप में काम करता है। अन्य दवाओं की तुलना में यह तेजी से असर करते हैं। इसमें कई बीमारियों का इलाज करने की क्षमता होती है। हम नई दवाई की खोज में लगे हुए हैं और ये पश्चिमी देशों की दवाई से सस्ती होगी। उन्होंने आगे कहा, सरकारी योजनाओं के अंतर्गत भी दवाई के लिए कॉकरोच का पालन किया जाता है। अस्पतालों में भी इन दवाइयों का इस्तेमाल होता है।

वहीं एक शोधकर्ता के अनुसार, कॉकरोच का शरबत रोगों के लिए रामबाण इलाज नहीं है। यह सभी बीमारियों पर जादुई असर नहीं करता है। एक बंद जगह में इस तरह के कीड़े को पालना और पैदावार बढ़ाना खतरनाक भी साबित हो सकता है। प्रोफेसर झू के अनुसार, यदि इंसान की गलती या फिर भूकंप के कारण अरबों कॉकरोच बाहर आ जाएं, तो यह विनाशकारी साबित हो सकता है।