
नई दिल्ली: भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) का नाम दुनिया के सर्वश्रेष्ठ कप्तानों की लिस्ट में लिया जाता है। उन्होंने अपने शांत स्वभाव और सही स्ट्रेटर्जी से फैंस का दिल जीत लिया है। उनका यही स्वभाव उनको सबसे खास बनाता है। साल 2007 में पहली बार भारतीय टीम के कप्तान की जिम्मेदारी संभालने वाले धोनी ने ऐसा कारनामा कर दिखाया, जिसके बारे में कभी किसी ने सोचा भी नहीं होगा।
एमएस धोनी (MS Dhoni) ने अपनी कप्तानी में 7 साल में आईसीसी के तीन खिताब जीते है। आज ही के दिन धोनी ने वर्ल्ड क्रिकेट में इतिहास रचते हुए चैंपियंस ट्रॉफी जीतकर तीसरा आईसीसी (ICC) खिताब जीता था। वर्ल्ड क्रिकेट में आज तक कोई भी कप्तान ऐसा नहीं कर पाया है। साल 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी (Champions Trophy 2013) जीतने से पहले भारतीय टीम ने एमएस धोनी की कप्तानी में 2011 वनडे वर्ल्ड कप और 2007 टी20 वर्ल्ड कप जीता था।
अब बीसीसीआई (BCCI) ने इस दिन को याद करते हुए साल 2013 की ट्रॉफी जीतने वाली भारतीय टीम की तस्वीर शेयर की है। उन्होंने इस तस्वीर के कैप्शन में लिखा, ‘एम एस धोनी के नेतृत्व में भारतीय टीम ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी जीतकर मेजबान इंग्लैंड को हराया। ऐसा करते हुए धोनी सीमित ओवरों के क्रिकेट में तीनों ICC ट्रॉफी जीतने वाले पहले कप्तान (पुरुष क्रिकेट में) बने। ‘
#OnThisDay in 2⃣0⃣1⃣3⃣#TeamIndia, led by @msdhoni, beat host England to lift the ICC Champions Trophy. 🏆
Dhoni became the first Captain (in Men’s cricket) to win all three ICC trophies in limited-overs cricket. 🔝 pic.twitter.com/vRObMfdEm5
— BCCI (@BCCI) June 23, 2022
बता दें कि, चैंपियंस ट्रॉफी वैसे 50 ओवर की होती है। लेकिन, साल 2013 में इंग्लैंड के खिलाफ खेले गए फाइनल मैच में बारिश के कारण मैच को 20 ओवर का करना पड़ा था। इंग्लैंड के कप्तान एलिस्टर कुक ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी चुनी और भारतीय टीम को मात्र 129 रनों पर ही रोक दिया। भारत के लिए कोहली ने 43 रनों की सर्वाधिक पारी खेली थी।
एजबेस्टन के मैदान पर भारत के द्वारा दिए गए लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम ने 46 रन पर ही अपने 4 विकेट खो दिए थे, मगर इसके बाद इयोन मोर्गन और रवि बोपारा ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर पिटाई की। तब धोनी ने अपना मास्टर स्ट्रोक चलाया। धोनी ने पारी का 18वां ओवर इशांत शर्मा को दिया जो गेम चेंजिंग साबित हुआ। हालांकि इससे पहले इशांत काफी महंगे साबित हुए थे। इस ओवर में इशांत ने मोर्गन-बोपारा दोनों बल्लेबाजों को आउट कर इंग्लैंड को करारी शिकस्त दी। भारत ने यह मैच 5 रनों के अंतर से जीता।