भारत की स्कॉटलैंड के खिलाफ बड़ी जीत के बाद क्या खुल गया सेमीफाइनल का रास्ता? पढ़ें पूरा समीकरण

    Loading

    नई दिल्ली: आईसीसी टी20 विश्वकप में टीम इंडिया (IND Vs SCO, T20 World Cup 2021) ने बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर वापसी की है। भारत ने अफगानिस्तान के बाद अब स्कॉटलैंड को भी हराया है। दो जीत के बाद अब टीम इंडिया का रनरेट काफी बेहतर हो गया है। ऐसे में भारत के सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीद जग गई है। हालांकि ये रास्ता इतना आसान नहीं है। टीम इंडिया ने शुक्रवार को स्कॉटलैंड को आठ विकेट से हराया है। 

    ज्ञात हो कि टीम इंडिया सेमीफाइनल में अब भी आसानी से नहीं पहुंच सकती है। इसके पीछे की सारी चीजों को समझना होगा। भारत ने स्कॉटलैंड को 85 रनों पर ऑलआउट किया था। साथ ही सात ओवर के अंदर ही मैच को जीत लिया। जिसके बाद भारत अंक तालिका में तीसरे नंबर पर पहुंच गया है। भारत का रनरेट भी अफगानिस्तान और न्यूजीलैंड से बेहतर है। इस लिहाज से सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए अगर नेट-रनरेट की बात आई तो टीम इंडिया को कोई दिक्कत नहीं होने वाली है।  

    गौर हो कि भारत ने अफगानिस्तान और स्कॉटलैंड को हराकर अच्छी वापसी की है। उसके अब चार अंक हो गए हैं। साथ ही टीम का रनरेट भी +1.619 हो गया है। भारत का नेट-रनरेट अब ग्रुप-2 में सबसे अच्छा हो गया है। बावजूद इसके वह अभी तीसरे नंबर पर है। अंक तालिका में टीम इंडिया न्यूजीलैंड से 2 प्वाइंट पीछे चल रही है। ऐसे में सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए भारत को नामीबिया को बड़े अंतर से हराना पड़ेगा। साथ ही न्यूजीलैंड को अफगानिस्तान अगर हरा देती है तो टीम इंडिया आसानी से नेट-रनरेट के माध्यम से सेमीफाइनल में पहुंच जाएगी।