आईपीएल के लिए UAE पहुंचे दिल्ली कैपिटल्स के खिलाड़ी

    Loading

    दुबई: इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला के लिए भारतीय टीम में शामिल दिल्ली कैपिटल्स के खिलाड़ी आगामी इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के लिए रविवार को यहां पहुंच गए। फ्रेंचाइजी ने यह जानकारी दी। जैविक रूप से सुरक्षित माहौल में कोविड-19 मामले आने के बाद मई में आईपीएल 2021 को निलंबित किया गया था और अब टूर्नामेंट का बाकी हिस्सा 19 सितंबर से यूएई में बहाल होगा।

    यहां पहुंचने वाले खिलाड़ियों में ऋषभ पंत, रविचंद्रन अश्विन, अजिंक्य रहाणे, इशांत शर्मा, अक्षर पटेल, पृथ्वी साव और उमेश यादव शामिल रहे। इन सभी का यहां पहुंचने पर कोविड-19 परीक्षण किया गया। आईपीएल नियमों के अनुसार खिलाड़ियों को छह दिन के कड़े पृथकवास से गुजरना होगा और इस दौरान तीन बार उनका परीक्षण होगा।

    इसके बाद ये खिलाड़ी दिल्ली कैपिटल्स टीम के बाकी सदस्यों से जुड़ पाएंगे जो पहले ही जैविक रूप से सुरक्षित माहौल का हिस्सा हैं। पिछले साल दिल्ली की टीम आईपीएल में उप विजेता रही थी। उसे फाइनल में मुंबई इंडियन्स के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। (एजेंसी)