ipl-2022-8-centuries-for-the-first-time-in-a-season-of-ipl-jos-buttler-kl rahul

    Loading

    नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग 2022 (IPL 2022) का फ़ाइनल मैच 29 मई को खेला जाएगा। यह मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा। आईपीएल 2022 का फाइनल मैच गुजरात टाइटंस (GT) और राजस्थान रॉयल्स (RR) के बीच होने वाला है। गुजरात का यह लीग का पहला सीजन है। ऐसे में टीम हार्दिक पंड्या की कप्तानी में खिताब जीतकर इतिहास रचना चाहेगी। वहीं, संजू सैमसन की अगुआई वाली राजस्थान की टीम 2008 के बाद से खिताब नहीं जीत सकी है। 

    आईपीएल 2022 (IPL 2022) की बात करें तो, अब तक इस सीजन में 8 शतक लग चुके हैं। यह आईपीएल के इतिहास में एक सीजन में सर्वाधिक शतक का रिकॉर्ड भी है। इससे पहले साल 2016 में आईपीएल में 7 शतक लगे थे। इसके अलावा 2008, 2011 और 2012 में 6-6 शतक लगे थे।

    आईपीएल के इस सीजन में राजस्थान रॉयल्स के खिलाड़ी जोस बटलर (Jos Buttler) ने सबसे अधिक 4 शतक लगाए हैं। इसके साथ ही वह एक सीजन में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। इससे पहले 2016 में विराट कोहली ने भी 4 शतक जड़े थे।

    जोस बटलर के बाद आईपीएल के इस सीजन में लखनऊ सुपर जायंट्स के कप्तान केएल राहुल ने सबसे ज्यादा शतक लगाए हैं। केएल राहुल ने आईपीएल 2022 में 2 शतक लगाए है। इसके अलावा लखनऊ के ही ओपनर बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक और आरसीबी की ओर से रजत पाटीदार ने एक-एक शतक लगाया। 

    आईपीएल का यह सीजन काफी खास रहा है। इस सीजन में कई नए रिकॉर्ड बने है। इस सीजन में 1000 से अधिक छक्के भी लग चुके हैं। इसके साथ ही आईपीएल 2022 में 2 गेंदबाजों पर 30 या उससे अधिक छक्के लगे। ऐसा भी पहली बार हुआ है। आरसीबी के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज पर सबसे अधिक 31 छक्के पड़े है। 

    सिराज के बाद आरसीबी के ही लेग स्पिनर वानिंदु हसारंगा पर 30 छक्के लगे। इससे पहले 2018 में ड्वेन ब्रावो पर सबसे अधिक 29 छक्के पड़े थे। मौजूदा सीजन में राजस्थान रॉयल्स से खेल रहे लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल पर भी अब तक 27 छक्के लग चुके हैं।