ipl 2022 sachin-tendulkar-tells-son-arjun-the-road-will-be-challenging-keep-working-hard

    Loading

    नई दिल्ली: क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) के बेटे अर्जुन (Arjun Tendulkar) पिछले 2 साल से आईपीएल (IPL) में मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) से जुड़े हुए है। लेकिन, उन्हें अब तक मुंबई की तरफ से खेलने का मौका नहीं मिला। आईपीएल (IPL 2022) के इस सीजन में मुंबई इंडियंस की टीम 14 मैचों में 10 हार के बाद प्लेऑफ से बाहर हो गई। अर्जुन तेंदुलकर को इस बार भी अपना कमाल दिखाने का मौका नहीं मिला। ऐसे में अब सचिन ने अपने बेटे अर्जुन को  सफलता का मंत्र दिया है। उन्होंने कहा है कि यह डगर कठिन है। सफलता पाने के लिए मेहनत जारी रखनी होगी।

    मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) ने पिछले सीजन में अर्जुन को 20 लाख और इस सीजन में 30 लाख रुपये में खरीदा था। वहीं, सचिन तेंदुलकर लंबे समय से मुंबई की टीम के साथ हैं। पहले सचिन तेंदुलकर मुंबई की टीम के कप्तान थे। हालांकि, क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद से वह टीम के साथ मेंटर के रूप में जुड़े हुए हैं। लेकिन, उन्होंने कहा कि फ्रेंचाइजी में वो चयन मामलों में हस्तक्षेप नहीं करते हैं।

    सचिन (Sachin Tendulkar) ने एक शो ‘सैचइनसाइट’ पर अर्जुन के बारे में बात की। उनसे यह पूछा गया कि क्या वो अर्जुन को इस सीजन में खेलते हुए देखना पसंद करते तो तेंदुलकर ने कहा, ‘‘यह सवाल अलग है। मैं इस बारे में क्या सोचता हूं और क्या महसूस करता हूं वह मायने नहीं रखता है। अब सीजन समाप्त हो चुका है। मैंने हमेशा अर्जुन से कहा है कि यह डगर कठिन और मुश्किल है।’’

    तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) ने आगे कहा, ‘‘मैंने उसे हमेशा कहा है कि तुमने क्रिकेट खेलना इसलिए शुरू किया है, क्योंकि तुम क्रिकेट से प्यार करते हो। ऐसा करना जारी रखना होगा। कड़ी मेहतन करो, नतीजे मिलेंगे।’’ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 100 शतक लगा चुके सचिन ने चयन को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा, ”जहां तक चयन का सवाल है तो मैं इसमें हस्तक्षेप नहीं करता हूं। मैं टीम प्रबंधन पर छोड़ देता हूं। मैंने हमेशा ऐसा ही किया है।’’

    बता दें कि, अर्जुन तेंदुलकर (Arjun Tendulkar)  घरेलू क्रिकेट में मुंबई की टीम से खेलते हैं। उन्होंने अब तक दो टी20 मुकाबले खेले हैं। इस दौरान दो विकेट अपने नाम किए हैं। उनका इकोनॉमी रेट काफी खराब है। अर्जुन ने 9।57 की इकोनॉमी रेट से रन दिए हैं।