पंजाब किंग्स ने मयंक अग्रवाल से छीनी कप्तानी, शिखर धवन को सौंपी गई टीम की कमान

    Loading

    नई दिल्ली: इस समय चल रहे टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup 2022) पर सभी क्रिकेट प्रेमियों का ध्यान है, लेकिन इसी बीच एक ऐसी खबर सामने आई है, जो आग की तरफ फैल गई है। यह खबर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से जुड़ी हुई है। दरअसल, पंजाब किंग्स (Punjab Kings) ने एक बार फिर अपना कप्तान बदल दिया है। मैनेजमेंट ने मयंक अग्रवाल (Mayank Agarwal) को हटाकर अब शिखर धवन (Shikhar Dhawan) को टीम का नया कप्तान बना दिया है। 

    पंजाब किंग्स ने इसकी जानकारी खुद सोशल मीडिया साइट ट्विटर पर दी है। पंजाब किंग्स ने ट्वीट कर कहा कि, ‘हमें इस बात की जानकारी देते हुए खुशी हो रही है कि शिखर धवन पंजाब किंग्स के नए कप्तान होंगे।’     

    ज्ञात हो कि, 36 साल के शिखर धवन पिछले साल ही पंजाब किंग्स के साथ जुड़े थे। इससे पहले वह दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेला करते थे। उन्हें पंजाब किंग्स ने पिछले सीजन में अपनी टीम में शामिल किया था। साथ ही पंजाब ने पिछले साल ही मयंक अग्रवाल को टीम का कप्तान नियुक्त किया था। लेकिन, पिछले सीजन में टीम हालत खराब हो गई थी। 

    वहीं, अगर शिखर धवन की बात करें तो, पंजाब किंग्स ने मेगा ऑक्शन में 8.25 करोड़ रुपये में उन्हें खरीदा था। धवन ने आईपीएल के पिछले सीजन में शानदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने अपने 14 मैच में 460 रन बनाए थे। जबकि मयंक अग्रवाल पूरे सीजन में सिर्फ 196 रन ही बना पाए थे। ऐसे में अब पंजाब किंग्स की कमान शिखर धवन को दी गई है। जिसके बाद अब सबकी नज़र उनकी कप्तानी पर होगी।  

    गौरतलब है कि, शिखर धवन ने इससे पहले एक मैच में पंजाब किंग्स के लिए कप्तानी की है। वह दिल्ली कैपिटल्स, सनराइजर्स हैदराबाद के भी कप्तान रह चुके हैं। शिखर धवन पंजाब किंग्स के 14वें कप्तान होंगे। पंजाब किंग्स के सबसे सफल कप्तानों की बात करें तो, एडम गिलक्रिस्ट 17 जीत, युवराज सिंह 17 जीत के साथ टॉप पर हैं।