कलाकार का कारनामा: कपड़े पर उकेरी धोनी और ज़ीवा की शानदार तस्वीर, खुद खरीदने पहुंच गए माही

    Loading

    नई दिल्ली: आईपीएल (IPL 2022) के सबसे सफल कप्तानों में से एक महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) अपने शानदार कारनामों के लिए काफी प्रसिद्ध हैं। ऐसे में उन्होंने एक बार फिर फैंस का दिल जीत लिया है। दरअसल, तमिलनाडु के ईरोड (Erode) में एक हैंडलुम कारीगर ने धोनी को अपनी कारीगरी से अपनी ओर आकर्षित किया है। कारीगर ने धोनी और उनकी बेटी जीवा (Ziva Dhoni) की कपड़े पर तस्वीर उकेरी है, जो बेहद ही खूबसूरत है। 

    माही को यह तस्वीर इतनी पसंद आई कि उन्होंने खुद इसे खरीद लिया। धोनी की इस तस्वीर के साथ वाली फोटो अब सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रही है। यह तस्वीरें सबसे पहले रेल्वे एंड टेक्सटाइल मंत्री दर्शना जरदोश (Darshana Jardosh) ने शेयर कीं। 

    सोशल मीडिया पर शेयर इन तस्वीरों में मंत्री ने लिखा, ‘मिस्टर अप्पुसामी, यह एक बुनकर हैं, जो ईरोड में हैंडलुम की स्टाल चलाते हैं। वह क्रिकेट के बड़े फैन हैं। उन्होंने कपड़े पर आर्टवर्क करते हुए एमएस धोनी और उनकी बेटी की साथ में तस्वीर बनाई है। धोनी को जब ये बात पता चली, तो खुद ही स्टाल पर पहुंचे और तस्वीर प्राप्त की।’

    वायरल फोटो में धोनी भी नज़र आ रहे हैं। उस तस्वीर में धोनी उस कपड़े को दोनों हाथों से पकड़े दिखाई दे रहे हैं, जिस पर धोनी और जीवा की तस्वीर बनी हुई है। इस तस्वीर को सफेद कपड़े पर नीले रंग से बनाया गया है। इस कपड़े में साइड पर ‘थाला’ भी लिखा हुआ है। सोशल मीडिया पर यह तस्वीर काफी पसंद की जा रही है।