Harvinder Singh

    Loading

    टोक्यो. टोक्यो में जारी पैरालंपिक खेलों (Tokyo Paralympics 2020) में भारत (India) के खिलाड़ी काफी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। भारतीय खिलाडियों ने आज तीन मेडल अपनी झोली में डाले हैं। प्रवीण कुमार ने ऊंची कूद (टी-64 स्पर्धा) में सिल्वर और अवनि लेखरा ने निशानेबाजी (50 मीटर राइफल की पी-3 एसएच-1 स्पर्धा) में ब्रॉन्ज मेडल जीतने के बाद अब तीरंदाजी में हरविंदर सिंह (Harvinder Singh) ने भी ब्रॉन्ज मेडल जीता है। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी है।

    तीरंदाज हरविंदर सिंह ने पुरुषों की व्यक्तिगत रिकर्व ओपन में ब्रॉन्ज मेडल जीता है। हरविंदर ने ब्रॉन्ज मेडल मुकाबले (प्लेऑफ) में कोरियाई खिलाड़ी को हराया। उन्होंने शूटऑफ में कोरिया के तीरंदाज को हराकर तीरंदाजी में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया है।

    वहीं हरविंदर सिंह की इस ऐतिहासिक जीत के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें बधाई दी। पीएम ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर लिखा, “नरेंद्र हरविंदर सिंह का शानदार प्रदर्शन। उन्होंने महान कौशल और दृढ़ संकल्प का प्रदर्शन किया, जिसके परिणामस्वरूप उनकी पदक जीत हुई। ऐतिहासिक ब्रॉन्ज मेडल जीतने पर उन्हें बधाई। उन पर गर्व है। उन्हें आने वाले समय के लिए शुभकामनाएं।

    बता दें कि भारत ने अब तक 13 मेडल जीते हैं। जिसमें दो गोल्ड, छह सिल्वर और पांच ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं।