Tokyo Paralympics 2020
Tokyo Paralympics 2020

    Loading

    नई दिल्ली: शूटर मनीष नरवाल (Manish Narwal) ने टोक्यो पैरालंपिक 2020 (Tokyo Paralympics 2020) खेलों में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए भारत की झोली में तीसरा गोल्ड मेडल डाल दिया है। इसके साथ ही भारत ने टोक्यो पैरालंपिक के पिछले सारे रिकॉर्ड भी तोड़ दिए हैं। भारत की झोली में अबतक कुल 17 मेडल आए हैं। भारत ने साल 1968 में पैरालंपिक खेलों में हिस्सा लेना शुरू किया था। इस साल टोक्यो पैरालंपिक में 54 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया है। अब तक भारत के खाते में 17 मेडल आ चुके हैं। रविवार का दिन बचा है। 

    ज्ञात हो कि भारत के लिए आज का दिन बहुत खास रहा है। शूटर मनीष नरवाल ने टोक्यो पैरालंपिक में तीसरा गोल्ड मेडल डाल दिया है जबकि सिंहराज अडाना (Singhraj Adana) ने सिल्वर मेडल जीतने में कामयाब रहे। पी4 मिश्रित 50 मीटर पिस्टल एसएच 1 स्पर्धा में शीर्ष दोनों स्थान भारत के नाम रहे हैं। गोल्ड जीतने के बाद नरवाल ने कहा कि मैं बहुत खुश हूं।

    शूटर मनीष नरवाल ने जीता गोल्ड तो सिंहराज ने सिल्वर पदक-

    अडाना ने जीत के बाद सिंहराज ने कहा कि मैं काफी खुश हूं क्योंकि आप सभी के प्यार की वजह से मैंने दोबारा जीत हासिल की है और मेरा सपना था कि राष्ट्रीय झंडा को सबसे ऊंचा देखना,जो कि आज वो सपना मेरा पूरा हो गया है। पदक जीतने के लिए मैं अपने कोच और स्टाफ का धन्यवाद करता हूं। निशानेबाज अवनि लेखरा ने मौजूदा पैरालंपिक खेलों में गोल्ड और सिल्वर मेडल अपने नाम किया हुआ है। जबकि इससे पहले 1984 पैरालम्पिक में जोगिंदर सिंह सोढी ने रजत और कांस्य पदक अपने नाम किया था।

    2016 में खेलों की ओर आकृष्ट हुए थे मनीष नरवाल-

    गौर हो कि मनीष नरवाल का परिवार साल 2016 में उन्हें एक निशानेबाजी रेंज में ले गया और उसके बाद वे खेल की ओर आकृष्ट हुए। वह लगातार अभ्यास करते रहे लेकिन उस समय उन्हें पैरालम्पिक खेलों के बारे में नहीं पता था। मनीष नरवाल ने कहा कि स्वर्ण पदक के लिए मैं अपने परिवार, कोच और देश के सभी लोगों का धन्यवाद करता हूं जिनकी वजह से मैंने आज ये पदक जीता है।

    पीएम मोदी ने मेडल जीतने वाले दोनों खिलाडियों को दी बधाई-

    दूसरी ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मनीष नरवाल और सिंहराज अधाना से बात करके उन्हें स्वर्ण और रजत पदक जीतने पर बधाई दी। दोनों एथलीटों ने प्रधानमंत्री द्वारा पैरा-एथलीटों को बार-बार प्रोत्साहन की सराहना की और उनका सपोर्ट करने के लिए धन्यवाद दिया।

    हरियाणा सरकार ने मनीष को छह करोड़ तो सिंहराज को 4 करोड़ देने का किया ऐलान-

    टोक्यो पैरालंपिक में मेडल जीतने वाले मनीष नरवाल और सिंहराज को हरियाणा सरकार ने बड़ा तोहफा दिया है। खट्टर सरकार ने गोल्ड मेडल विजेता मनीष नरवाल को 6 करोड़ रुपये और रजत पदक विजेता सिंहराज अधाना को 4 करोड़ रुपये इनाम देने का ऐलान किया है।

    गौरतलब है कि भारत ने पैरालंपिक खेलों में साल 1968 से भाग लेने की शुरुआत की थी। तभी से लेकर साल 2016 तक भारत के कुल 95 एथलीट्स सिर्फ 12 मेडल्स ही अपने नाम कर पाए थे। 

    उल्लेखनीय है कि टोक्यो पैरालंपिक खेलों का आगाज 24 अगस्त से हुआ था। साथ ही 5 सितंबर तक चलने वाले पैरालंपिक खेलों में अब सिर्फ एक दिन शेष बचा है। इस दौरान भारत के खिलाड़ियों को अब भी कई इवेंट्स में खेलने का मौका मिलेगा। इस दौरान कई ऐसे खिलाड़ी हैं जो मेडल के प्रबल दावेदार हैं। ऐसे में भारत की झोली में और भी मेडल आने की उम्मीद है।