KEJERIWAL
Pic: Social Media

Loading

नई दिल्ली. जहां एक तरफ भारतीय कुश्ती संघ (WFI) के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह (Brijbhushan Singh) के खिलाफ दिल्ली के जंतर-मंतर पर पहलवानों के धरने का आज छठा दिन है। वहीं मिल रही खबरों के अनुसार अब इन पहलवानों को ‘आप’ का भी साथ मिल रहा है। जी हां,  आम आदमी पार्टी के मंत्री सौरभ भारद्वाज और आतिशी आज जंतर-मंतर पर विरोध कर रहे पहलवानों से मिलने वाले हैं। वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी  आगामी 29 अप्रैल को धरना स्थल पर पहलवानों से मिलेंगे और बातचीत करेंगे।

इसके साथ ही कांग्रेस नेता नवजोत सिंह सिद्धू ने जंतर-मंतर पर धरना दे रहे पहलवानों के समर्थन में आज एक ट्वीट किया। उन्होंने लिखा कि, “चौंकाने वाली बात यह है कि 9 नामी महिलाओं ने शिकायत की और कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई। यह भारतीय इतिहास में समय के गाल पर एक आंसू होगा…कोई भी देश जो अपनी महिला आइकन का अपमान करता है, वह अपने ही गौरव को ठेस पहुंचाता है, इन महिलाओं ने देश का नाम रोशन किया है। 

उन्होंने आगे लिखा कि, “उन्होंने लाखों लोगों की आकांक्षाओं को पंख दिए हैं। उनके स्वाभिमान को चोट पहुंचाना भारत के गौरव को चोट पहुंचा रहा है…क्या हमारे देश के बड़े-बड़े लोग कानून से ऊपर हैं? कानून को एक निवारक स्थापित करना चाहिए कि पीढ़ियों को महिलाओं का अपमान करने से पहले कांपना चाहिए, एक अच्छा उदाहरण सबसे अच्छा उपदेश है जो आप दे सकते हैं। अह्गामी सोमवार को उनसे मिलने जाऊंगा और उनके सत्याग्रह में शामिल होऊंगा।”

गौरतलब है कि, एक नाबालिग रेसलर समेत 7 महिला खिलाड़ियों ने बीते 21 अप्रैल को बृजभूषण के खिलाफ शिकायत दी थी, पर केस दर्ज नहीं किया गया। इसके बाद रेसलर्स ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल की थी। जिस पर आज SC में सुनवाई भी होनी है।