sukma
Pic: ANI

    Loading

    सुकमा. छत्तीसगढ़ (Chhattisgarh) के सुकमा (Sukma) जिले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के शिविर में ​जवान ने अपने साथियों पर गोली चला दी है। इस घटना में चार जवानों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हो गए हैं। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

    राज्य के बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने आज बताया कि सुकमा जिले के लिंगमपल्ली गांव में स्थित सीआरपीएफ की 50वीं बटालियन के शिविर में एक जवान ने अपने साथियों पर गोली चला दी है। उन्होंने बताया कि इस घटना में चार जवानों की मृत्यु हो गई है तथा तीन अन्य घायल हो गए हैं। सुंदरराज ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि आज तड़के करीब 3.30 बजे एक जवान ने विवाद के बाद अपनी एके—47 राइफल से अन्य जवानों पर गोली चला दी।

    इस घटना में चार जवानों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही अन्य जवान और अधिकारी वहां पहुंचे तथा आरोपी जवान को पकड़ा। बाद में हताहत जवानों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि पुलिस आरोपी जवान से पूछताछ कर रही है। सुंदरराज ने बताया कि घायल जवानों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज जारी है। 

    ख़बरों के मुताबिक मरने वालों में कांस्टेबल धनजी, कांस्टेबल राजीव मंडल और कांस्टेबल राजमणि कुमार यादव है। घायलों की पहचान जवान धनंजय केआर सिंह, कांस्टेबल धर्मेंद्र केआर, कांस्टेबल धर्मात्मा कुमार और कांस्टेबल मलाया रंजन महाराणा के रूप में की गयी है।