sonia-gandhi
Pic: ANI

Loading

नई दिल्ली/रायपुर. छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में हो रहे कांग्रेस के 85वें अधिवेशन को संबोधित करते हुए आज पार्टी की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला है। दरअसल आज सोनिया गांधी ने तंज कसते हुए कहा कि, केंद्र सरकार ने एजेंसियों पर पूरी तरह से कब्जा कर लिया है।

उन्होंने साफ़ कहा कि कांग्रेस ने भारत में लोकतंत्र को हमेशा ही मजबूत किया है। इसके साथ-साथ अपने राजनीतिक करियर के अंत का संकेत देते हुए उन्होंने कहा, ‘भारत जोड़ो यात्रा के साथ अब उनकी पारी समाप्त हो सकती है।’ऐसे में अब उन्होंने अपने रिटायर होने के स्पष्ट संकेत दे दिए हैं।

आज रायपुर में 85वें अधिवेशन को संबोधित करते हुए सोनिया गांधी ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के लिए राहुल गांधी को बधाई दी। उन्होंने कहा कि, साल 2004 और 2009 में हमारी जीत के साथ-साथ डॉ मनमोहन सिंह के सक्षम नेतृत्व ने मुझे व्यक्तिगत रूप से पूर्ण संतुष्टि दी, लेकिन मुझे सबसे ज्यादा खुशी इस बात की है कि भारत जोड़ो यात्रा के साथ मेरी इस पारी का समापन हो सका। यह ‘यात्रा’ कांग्रेस के लिए एक महत्वपूर्ण मोड़ के रूप में आई है। इसने साबित कर दिया है कि भारत के लोग सद्भाव, सहिष्णुता और समानता चाहते हैं।

वहीं आज सोनिया गांधी ने यह भी कहा कि, राहुल गांधी के प्रखर नेतृत्व में पार्टी की यह ‘यात्रा’ सफल रही। उन्होंने कहा कि, मजबूत कार्यकर्ता ही पार्टी की ताकत और नींव होते हैं। कांग्रेस सिर्फ एक राजनीतिक पार्टी नहीं है, यह लोकतंत्र की हितार्थ पार्टी है।