सीएम अरविंद केजरीवाल (Photo Credits-ANI Twitter)
सीएम अरविंद केजरीवाल (Photo Credits-ANI Twitter)

Loading

नई दिल्ली: उच्चतम न्यायालय (Suprme Court) की ओर से आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार को स्थानांतरण-पदस्थापना पर नियंत्रण प्रदान करने के कुछ घंटों बाद ही दिल्ली सरकार (Delhi Government) के सेवा विभाग के सचिव आशीष मोरे (Ashish More) को पद से हटा दिया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

उच्चतम न्यायालय ने बृहस्पतिवार को सर्वसम्मति से फैसला सुनाते हुए कहा कि लोक व्यवस्था, पुलिस और भूमि जैसे विषयों को छोड़कर अन्य सेवाओं के संबंध में दिल्ली सरकार के पास विधायी तथा शासकीय शक्तियां हैं।

सरकार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल होगा: केजरीवाल 

मुख्यमंत्री एवं पार्टी नेता अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इस फैसले से दिल्ली के विकास की गति कई गुना बढ़ेगी। उन्होंने ‘‘दिल्ली के लोगों के साथ न्याय करने” के लिए उच्चतम न्यायालय को ‘‘हार्दिक धन्यवाद” दिया। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि सरकार में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल होगा और उन्होंने लोक कार्यों में “बाधा डालने” वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी। अदालत के फैसले से पहले, सेवा विभाग दिल्ली के उपराज्यपाल के नियंत्रण में था।