delhi-women-congress-president-netta-dsouza-video-of-spitting-on-policemen-and-soldiers-went-viral-video

    Loading

    नई दिल्ली: सोशल मीडिया (Social Media) पर दिल्ली महिला कांग्रेस अध्यक्ष नेटा डिसूजा (Women Congress President Netta Dsouza) का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह पुलिसकर्मियों और फौजियों पर थूकती हुई नज़र आ रही हैं। महिला कांग्रेस का वीडियो सामने आने के बाद अब सभी तरफ से उनकी कड़ी आलोचना की जा रही है। 

    दिल्ली भाजपा सचिव इंप्रीत सिंह बख्शी ने इस वीडियो को अपने ट्विटर अकाउंट पर पोस्ट किया है। बख्शी ने वीडियो के कैप्शन में लिखा,’ये महिला कांग्रेस की अध्यक्ष नेटा डिसूजा की हरकत है। ये फौजी महिलाओं पर थूक रही हैं, इतनी घटिया, देश विरोधी, सेना विरोधी मानसिकता के कारण ही इनको अध्यक्ष बनाया हुआ है।’ वहीं, दिल्ली पुलिस नेटा डिसूजा के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज करने जा रही है।

    हालांकि, अब इस मामले में नेटा डिसूजा ने अपनी सफाई पेश की है। उन्होंने ट्विटर पर एक वीडियो शेयर करते हुए सफाई दी है। उन्होंने कहा, वह थूक नहीं रही थीं बल्कि उनके मुंह में कुछ गंदगी चली गई थी, जिसे वह साफ कर रही थीं। इसके साथ ही उन्होंने इस वीडियो के कैप्शन में लिखा कि,  ‘मीडिया में मेरे खिलाफ प्रोपेगेंडा चलाया जा रहा है। इस वीडियो से पता चलता है कि किस तरह से मेरे बालों को जोर से खींचा गया, कीचड़ में धकेला गया। कीचड़, धूल व बाल मेरे मुंह में चले गए, जिसे मैंने अपने मुंह से उगल दिया। मेरा सुरक्षाकर्मियों का अनादर करने का कोई इरादा नहीं था।सत्यमेव जयते!’

    बता दें कि, पिछले 5 दिनों से प्रवर्तन निदेशालय (ईडी)दिल्ली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी से नेशनल हेराल्ड से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले पूछताछ कर रही है। ऐसे में कांग्रेस कार्यकर्ता ईडी द्वारा पूछताछ का विरोध कर रहे हैं। वहीं, मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राहुल से पूछताछ और सेना में भर्ती की नई ‘अग्निपथ’ योजना के विरोध में दिल्ली में ‘सत्याग्रह मार्च’ भी निकाला। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस के कई नेताओं को हिरासत में ले लिया। इसी दौरान दिल्ली पुलिस ने महिला कांग्रेस अध्यक्ष नेटा डिसूजा को हिरासत में लिया।जहां वह पुलिसकर्मियों और महिला फौजियों पर थूकती हुई नजर आईं थी।