नई दिल्ली. भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह (WFI President Brij Bhushan) के खिलाफ देश के महिला पहलवानों ने मोर्चा खोल दिया है। सिंह और कुछ कोच पर ओलिंपिक विजेता खिलाड़ियों ने यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर भारतीय पहलवान बुधवार से धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। उनका प्रदर्शन आज यानी गुरुवार को भी जारी रहा। इस दौरान महिला पहलवान विनेश फोगाट (Wrestler Vinesh Phogat) ने कहा कि हम कुश्ती संघ के अध्यक्ष बृजभूषण शरण का इस्तीफा लेंगे और उन्हें जेल भी भिजवाएंगे।
हमें जान का खतरा
विनेश फोगाट ने कहा, “हमारे साथ 5-6 महिला पहलवान हैं जिन्होंने इन शोषण का सामना किया है और हमारे पास इसे साबित करने के सबूत हैं। आज विरोध का दूसरा दिन है और हमें सरकार से कोई संतोषजनक प्रतिक्रिया नहीं मिली है। हम सुनिश्चित करेंगे कि बृजभूषण सिंह इस्तीफा दें और उन्हें जेल हो, हम केस दर्ज कराएंगे।”
#WATCH हमें जान का भी खतरा है, हमने पुलिस का प्रोटेक्शन भी नहीं ली है। जब शोषण होता है तो एक कमरे में होता है वहां कैमरे नहीं लगाए जाते हैं। वे लड़कियां भी हमारे साथ हैं जो इसे साबित कर सकती हैं: भारतीय पहलवान व ओलंपियन विनेश फोगाट, दिल्ली pic.twitter.com/0q6PmXTW7P
— ANI_HindiNews (@AHindinews) January 19, 2023
फोगाट ने कहा, “हमें जान का भी खतरा है, हमने पुलिस का प्रोटेक्शन भी नहीं ली है। जब शोषण होता है तो एक कमरे में होता है वहां कैमरे नहीं लगाए जाते हैं। अगर कमरे होते तो ये लड़कियां पहले ही इस बात का खुलासा कर देती। वे लड़कियां भी हमारे साथ हैं जो इसे साबित कर सकती हैं।” उन्होंने कहा, “जिन लड़कियों का शोषण हुआ है वह लड़कियां बाहर निकल कर आ रही है। वो लड़कियां आज आपके सामने बैठी है। इनमें से ही वो लड़कियां है। मैं नहीं चाहती कि उनका खुलासा हो लेकिन हमें मजबूर किया गया तो हमें वो सब करना पड़ेगा जो हिंदुस्तान की लड़कियों-महिलाओं के लिए सबसे बुरा दिन होगा।”
फेडरेशन को बंद किया जाए
बजरंग पुनिया ने कहा, “हमारी लड़ाई फेडरेशन के खिलाफ है न कि सरकार के खिलाफ। हम चाहते हैं कि फेडरेशन को बंद किया जाए क्योंकि फेडरेशन में वे अपने ही लोगों को बिठाएंगे। अगर इसका समाधान जल्दी नहीं निकला तो हम कानून का भी सहारा लेंगे।”
PM से गुजारिश है कि इंसाफ करें
महिला पहलवान साक्षी मलिक ने कहा, “मीटिंग में सिर्फ आश्वासन दिया गया है, किसी तरह का ठोस कदम या एक्शन लेने की बात नहीं की गई। हम रेसलिंग फेडरेशन को भंग करवाना चाहते हैं। हर जगह उनके लोग हैं। हमें केरल, महाराष्ट्र से फोन आ रहे हैं जो पीड़ित रही हैं। हमारी PM से गुजारिश है कि इंसाफ करें।”
क्या है मामला?
गौरतलब है कि, भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) और WFI के अध्यक्ष बृज भूषण शरण सिंह (Brij Bhushan Singh) के खिलाफ यौन शोषण के आरोप लगाए जाने पर फिलहाल बजरंग पूनिया, विनेश फोगाट, साक्षी मलिक और अन्य रेसलर जंतर-मंतर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके साथ ही ओलंपियन पहलवान विनेश फोगाट, साक्षी मलिक और बजरंग पुनिया सहित 30 से अधिक पहलवानों ने कुश्ती महासंघ पर शोषण का और बृजभूषण सिंह पर मनमाने तरीके से संघ को चलाने का भी गंभीर आरोप लगाया है। जिस पर जवाब देते हुए बृजभूषण सिंह ने कहा कि अगर यह आरोप अगर सिद्ध हुए तो वो फांसी लगा लेंगे।