
नई दिल्ली. दिल्ली में यमुना का पानी धीरे-धीरे घट रहा है। जिसके चलते अरविंद केजरीवाल सरकार ने बुधवार से शहर में भारी माल वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध हटाने का फैसला किया है। इससे पहले सरकार ने 17 जुलाई को प्रतिबंधों को आंशिक रूप से हटाने की घोषणा की थी। हालांकि, आज यानी मंगलवार को प्रतिबंध पूरी तरह से हटाने की घोषणा की।
दिल्ली सरकार ने आदेश में कहा, “बाढ़ की स्थिति में सुधार और यमुना नदी के घटते जलस्तर को ध्यान में रखते हुए, सक्षम प्राधिकारी द्वारा आदेश दिनांक 13.07.2023 और 17.07.2023 के अनुसार लगाए गए सभी प्रतिबंधों को 19-07-2023 से वापस लेने का निर्णय लिया गया है।”
Considering the improvement in flood situation and descending water level of Yamuna River, Delhi government orders to withdraw the restrictions on the entry of Heavy Vehicles in the city pic.twitter.com/oyGdKDjU9f
— ANI (@ANI) July 18, 2023
बता दें कि दिल्ली सरकार ने 13 जुलाई को यमुना के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए एहतियात के तौर पर सिंघू सहित चार सीमाओं से आवश्यक वस्तुओं को ले जाने वाले वाहनों को छोड़कर भारी माल वाहनों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया था।
आज शाम पांच बजे यमुना का जलस्तर 205.43 मीटर दर्ज किया गया। हालांकि, यह अभी भी खतरे के निशान 205.33 मीटर से ऊपर बह रही है।
गौरतलब है कि दिल्ली के कुछ हिस्से पिछले एक सप्ताह से जलभराव और बाढ़ की समस्या से जूझ रहे हैं। शुरुआत में, आठ और नौ जुलाई को भारी बारिश के कारण भारी जलजमाव हुआ, शहर में केवल दो दिनों में महीने में होने वाली सामान्य वर्षा का 125 प्रतिशत बारिश हुई। इसके साथ ही, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और हरियाणा सहित ऊपरी क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण यमुना का जलस्तर रिकॉर्ड स्तर तक पहुंच गया। गुरुवार को नदी का जलस्तर 208.66 मीटर तक पहुंच गया जो सितंबर 1978 के 207.49 मीटर के पिछले सर्वकालिक रिकॉर्ड से भी कहीं अधिक था।