MP CM Shivraj
ANI Photo

    Loading

    ग्वालियर. मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) में बारिश (Rain) के बाद बाढ़ (Floods) की स्थिति गंभीर हो गई है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्र से आपदा मोचन एवं सुरक्षा बलों की सहायता से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। इस बीच मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (CM Shivraj Singh Chouhan) ने ग्वालियर (Gwalior) जिले के बाढ़ प्रभावित क्षेत्र भितरवार का दौरा किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पीड़ितों की समस्याएं सुनीं। साथ ही जिन लोगों के मकान बाढ़ के कारण ढह गए उन्हें मदत देने की घोषणा की।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि, “जिनके मकान ढह गए हैं उन्हें नए मकान बनवाने के लिए 1,20,000 रुपये की राशि देंगे। जिनको कपड़ा, बर्तन और अनाज का नुकसान हुआ है उनको भी सर्वे करके पैसे देंगे। साथ ही 50-50 किलो अनाज तत्काल दिया जाएगा। इसके अलावा अस्थाई रहने की व्यवस्था भी करेंगे।”

    मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि, इस पूरे क्षेत्र में पार्वती नदी ने महाविनाश किया है। जिससे नुकसान बहुत हुआ है। मैं जनता से ये कहने आया हूं कि आप चिंता न करें आपको मुसीबत से निकालने में हम कोई कसर नहीं छोडेंगे। दुर्भाग्य से किसी व्यक्ति की जान चली गई तो उसके परिवार को 4 लाख रुपये की राशि देंगे।

    बता दें कि राज्य में भारी बारिश के चलते शिवपुरी, गुना ग्वालियर और चंबल के क्षेत्र में बाढ़ आई है। जिसके चलते हजारों गाव प्रभावित हुए हैं। वहीं इस बाढ़ से अब तक दो लोगों की मौत हो गई। दोनों मृतक शिवपुरी और श्योपुर जिले के है। इसके अलावा राज्य में सात लोग घायल हो गए हैं। जिसमें चार लोग गुना, दो शिवपुरी और एक मुरैना का है।