Kamal Nath
ANI Photo

    Loading

    भोपाल. मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के पूर्व मुख्‍यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ (Former CM Kamal Nath) ने रविवार को भोपाल में आयोजित शिक्षक कांग्रेस अधिवेशन (Teachers Congress Session) में बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि अगर मध्य प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनेगी तो हम पुरानी पेंशन (Old Pension) बहाल करेंगे। उन्होंने कहा, हम हर हाल में लागू करेंगे। कांग्रेस की दूसरी सरकारों ने भी इसे लागू किया हैं।

    प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने अधिवेशन में धार्मिक विवाद का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा, अपना देश एक झंडे के नीचे खड़ा है क्योंकि हमारी संस्कृति जोड़ने की है। हमें याद रखना है कि बच्चे अपने देश की संस्कृति को समझे। बाबा साहेब अंबेडकर ने ऐसा संविधान बनाया जिससे अपना देश जुड़ा रहे।

    उन्होंने कहा, अगर ये संविधान गलत हाथो में चला जाए तो क्या होगा? ये आज हो रहा है। आज हमारी संस्कृति पर हमला हो रहा है। भाषा और धार्मिक विवाद पूरे देश में हो रहा है। आपने पिछले 20 सालों में नहीं देखा होगा जो स्थिति देश की अभी हो गई है।

    गौरतलब है कि कमलनाथ पुरानी पेंशन को लेकर प्रदेश की शिवराज सिंह चौहान सरकार को पत्र लिख चुके हैं। उन्होंने ने ट्वीट कर कहा था कि, “राजस्थान की कांग्रेस सरकार ने सरकारी कर्मचारियों की पुरानी पेंशन बहाल करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। मैं मांग करता हूं कि मध्यप्रदेश की शिवराज सरकार भी प्रदेश के कर्मचारियों के हित में पुरानी पेंशन प्रणाली को प्रदेश में तत्काल लागू करे।”

    उन्होने कहा था, “कर्मचारियों के हित में 1 जून 2005 के पहले की पुरानी पेंशन व्यवस्था को लागू किया जाये। नई पेंशन स्कीम में कर्मचारियों को काफी कम पेंशन की राशि मिल रही है, जिससे उनको जीवन यापन में काफ़ी मुश्किल आ रही है। कांग्रेस कर्मचारियों के साथ है और वो उनके हित के लिये हर लड़ाई लड़ेगी।”