Priyanka gandhi in Dhar, MP

Loading

धार. कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा (Priyanka Gandhi Vadra) ने सोमवार को सत्तारूढ़ भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जीएसटी (GST) और नोटबंदी (Demonetization) ने छोटे व्यापारियों तथा अन्य नागरिकों को गंभीर रूप से परेशान किया है, इसके साथ ही आगामी विधानसभा चुनावों के लिये होने वाले मतदान से पहले लोगों से उनकी पार्टी के वादों और उनके कार्यान्वयन के बारे में जागरूकता का स्तर बढ़ाने का आग्रह किया।

मध्यप्रदेश के आदिवासी बहुल धार जिले के कुक्षी शहर में एक रैली को संबोधित करते हुए प्रियंका ने उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए सरकारी इकाइयों (पीएसयू) के निजीकरण समेत सरकार की आर्थिक नीतियों के लिए केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा, “(केंद्र) सरकार ने सार्वजनिक क्षेत्र के उद्योगों को बंद कर दिया, जिसके परिणामस्वरूप भयंकर बेरोजगारी हुई है। इसके बाद उन्होंने नोटबंदी लागू किया और फिर जीएसटी थोप दिया। जीएसटी ने छोटे व्यापारियों सहित सभी को परेशान किया है, जिसके कारण महंगाई बढ़ी है।” उन्होंने दावा किया, “जीएसटी हर चीज पर लागू है जिसके कारण छोटे व्यापारियों को बहुत समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इसके कारण भारी महंगाई और बेरोजगारी हुई है। लोगों को हर चीज पर जीएसटी देना पड़ता है, यहां तक कि त्योहारों के दौरान छोटी-छोटी चीजों पर भी।”

विराट और प्याज दोनों ने शतक बनाए

केंद्र पर हमला करते हुए, प्रियंका ने आरोप लगाया कि सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों को मुफ्त में उद्योगपतियों को दिया जा रहा है, चाहे वह भेल, रेलवे, हवाई अड्डे, बंदरगाह आदि ही क्यों न हों, इस कार्रवाई से देश में बेरोजगारी पैदा हो रही है। प्याज की बढ़ती कीमतों की ओर इशारा करते हुए, कांग्रेस नेता ने भीड़ से कहा कि एक समय प्रधानमंत्री (नरेंद्र) मोदी मजाक उड़ाते थे कि (बल्लेबाजी के दिग्गज) सचिन (तेंदुलकर) पहले शतक बनाएंगे या प्याज (100 रुपये प्रति किलोग्राम का)। उन्होंने प्रधानमंत्री पर तंज कसते हुए कहा, “अब विराट (कोहली जिन्होंने रविवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विश्व कप मैच में शतक बनाया था) और प्याज दोनों ने शतक बनाए हैं। अब आपको क्या कहना है।” 

मध्य प्रदेश में हर रोज़ 17 महिलाओं के साथ दुष्कर्म

कांग्रेस महासचिव ने कहा, “उज्जैन में एक बच्ची के साथ दुष्कर्म होता है। आपके प्रदेश (मध्य प्रदेश) में हर रोज़ 17 महिलाओं के साथ दुष्कर्म होता है। ये लोग महिलाओं को सुरक्षा नहीं दे पा रहे हैं। अब आपके सामने चुनाव है, आप चुनिए की क्या आपको फिर से इन्हें 5 साल देना है कि आप पर भ्रष्टाचार, अत्याचार, अपराध बढ़े? कल केंद्र के कृषि मंत्री के बेटे का एक वीडियो सामने आया जिसमें हजारों करोड़ की बातें हो रही हैं। वहां अडानी सरकार की मदद से एक दिन में 1600 करोड़ रुपए कमा रहे हैं और देश का किसान एक दिन में 27 रुपए कमा रहा है।”

प्रियंका ने आगे कहा, “कांग्रेस सरकार ने हमेशा आपको आपका हक दिया है। समझें कि कौन सी सरकार आपको आपका अधिकार देना चाहती है। राजनीति आपका ध्यान भटका रही है। जब भी चुनाव आते हैं तो धर्म और जाति पर बातें होती हैं। आपको नेताओं को जवाबदेह बनाना होगा। उन्होंने कहा जो घोषणाएं हो रही हैं वो खोखली हैं। इस सरकार ने आपके साथ क्या किया, इसे गहराई से समझें। अपनी जागरूकता बढ़ाएं और उसके आधार पर अपना वोट दें।”

चुनाव के चलते LPG सिलेंडर की कीमतें हुई कम

प्रियंका ने सवाल किया कि सरकार ने आगामी विधानसभा चुनावों के कारण एलपीजी सिलेंडर की कीमतें कम की हैं लेकिन पिछले कई सालों से सत्ता में रहने के बावजूद उन्होंने पहले ऐसा नहीं किया। उन्होंने पूछा, ”शिवराज सिंह चौहान सरकार ने अपने लंबे शासन के दौरान 22,000 से अधिक घोषणाएं की, लेकिन क्या उन्होंने उनमें से 22 को भी पूरा किया है।” उन्होंने लोगों से मतदान से पहले जागरूकता का स्तर बढ़ाने और स्वयं यह देखने को कहा कि क्या अन्य राज्यों में कांग्रेस सरकारों ने महिलाओं को 1,500 रुपये प्रति माह, 500 रुपये में सिलेंडर और पुरानी पेंशन योजना को फिर से शुरू करने जैसी चुनावी गारंटी लागू की है। उन्होंने भीड़ से इन वादों के बारे में आश्वस्त होने के बाद आगामी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को वोट देने के लिए कहा। 

17 नवंबर को मतदान

230 सदस्यीय मध्य प्रदेश विधानसभा के लिए 17 नवंबर को चुनाव होंगे। तीन दिसंबर को मतों की गिनती होगी। सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सत्ता में बने रहने का प्रयास कर रही है, वहीं विपक्षी कांग्रेस भगवा पार्टी को सत्ता से बाहर करने का प्रयास कर रही है। (एजेंसी इनपुट के साथ)