गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा (Photo Credits-ANI Twitter)
गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा (Photo Credits-ANI Twitter)

    Loading

    खरगोन/ बड़वानी: मध्य प्रदेश के खरगोन शहर (MP Khargone Violence) में रविवार को रामनवमी के जुलूस पर पथराव, कुछ वाहनों और घरों में आगजनी की घटनाओं के बाद पूरे शहर में कर्फ्यू लगा दिया गया है। साथ ही इस पूरे मामले में अब तक 77 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। राज्य की शिवराज सरकार एक्शन मोड़ में दिख रही है। सूबे के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा (Home Minister Narottam Mishra) ने कहा कि राज्य के अंदर किसी को माहौल बिगाड़ने नहीं देंगे। 

    ज्ञात हो कि रामनवमी के दिन खरगोन में हुई हिंसा पर मध्य प्रदेश के मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि अब तक 77 लोग गिरफ्तार हुए हैं। SP के पैर में छर्रे लगे, उसे हम गोली भी कह सकते हैं। वे घायल हुए हैं। हमारे पुलिस के 6 ज़वान भी घायल हुए हैं। हम किसी को भी राज्य के अंदर माहौल नहीं बिगाड़ने देंगे। हिंसा होने के कारण अधिकारियों ने शहर के तीन थाना क्षेत्रों में कर्फ्यू और पूरे शहर में दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 144 (चार या अधिक लोगों के इकट्ठा होने पर प्रतिबंध) लगा दी थी।

    दूसरी तरफ खरगोन के जिलाधिकारी अनुग्रह पी ने कहा कि पूरे खरगोन में कर्फ्यू लगा दिया गया है। एक अधिकारी ने कहा कि खरगोन के पुलिस अधीक्षक (एसपी) सिद्धार्थ चौधरी को हिंसा के दौरान गोली लगी है। रामनवमी के जुलूस पर पथराव और कुछ घरों तथा वाहनों में आगजनी की घटनाओं के बाद पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े। उप पुलिस महानिरीक्षक (डीआईजी) तिलक सिंह ने सोमवार सुबह पत्रकारों से कहा, ‘‘देर रात दो बजे के बाद से स्थिति नियंत्रण में है और कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस की गश्त जारी है, अब तक 70 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया है।” 

    उन्होंने लोगों से घरों में रहने और घटना में शामिल असामाजिक तत्वों को पकड़ने में सहायता करने के लिए कहा है। जिलाधिकारी ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और लोगों को केवल आपात चिकित्सा स्थिति में ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी गई है। जिलाधिकारी ने खरगोन की घटना को लेकर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक संदेश या वीडियो साझा करने पर कड़ी कार्रवाई करने की चेतावनी भी दी है। (एजेंसी इनपुट के साथ)