Tanaji Sawant

    Loading

    मुंबई. महाराष्ट्र (Maharashtra) के स्वास्थ्य मंत्री तानाजी सावंत (Tanaji Sawant) ने शनिवार को आदित्य ठाकरे (Aditya Thackeray) पर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (CM Eknath Shinde) को चुनौती देने को लेकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि वे आदित्य को मेंटल हॉस्पिटल में भर्ती कराएंगे।

    आदित्य ठाकरे पर व्यंग्यात्मक टिप्पणी करते हुए तानाजी सावंत (Tanaji Sawant) ने कहा कि, “मेरे पास स्वास्थ्य विभाग है और 4 मेंटल हॉस्पिटल हैं। मैं सीएम को सलाह दूंगा कि जिस आदमी का दिमाग खराब हो गया है, उसे उन अस्पतालों में से एक में भर्ती कराया जाए जहां जगह खाली होने वाली है।”

    गौरतलब है कि सावंत ने सोलापुर में मीडिया से बात करते हुए यह टिप्पणी की। आदित्य ठाकरे के खिलाफ स्वास्थ्य मंत्री की टिप्पणी से ठाकरे गुट से कड़ी टिप्पणियां आने की उम्मीद है।

    उल्लेखनीय है कि  आदित्य ठाकरे ने हाल ही में एकनाथ शिंदे को मुंबई की वर्ली विधानसभा सीट से उनके खिलाफ चुनाव लड़ने की चुनौती दी थी। आदित्य ठाकरे वर्ली से शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के मौजूदा विधायक हैं।

    आदित्य ठाकरे ने कहा था कि, “मैंने इस असंवैधानिक मुख्यमंत्री (एकनाथ शिंदे) को मेरे खिलाफ विधानसभा चुनाव लड़ने की चुनौती दी है। मैं अपनी सीट से इस्तीफा दे दूंगा और उन्हें अपनी सीट से इस्तीफा दे देना चाहिए और उन्हें मेरे खिलाफ वर्ली से चुनाव लड़ने देना चाहिए। मैं देखता हूं कि वे कैसे चुनकर आते हैं। आपको जो भी सिस्टम लगाना है, लगाएं। आपको जो भी बल लगाना है लगाइए। जितने खोके बांटना है बांट लो, लेकिन एक वोट नहीं बिकेगा। एक भी शिवसैनिक नहीं बिकेगा।”