cold
Representative Pic

    Loading

    • रात में सर्दी दिखाने लगी अपना असर

    नागपुर. बीते एक सप्ताह में अधिकतम और न्यूनतम पारे की चाल में लगातार गिरावट दर्ज की गई है. अधिकतम पारे में जहां 2.8 डिगी सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है. वहीं न्यूनतम तापमान में 3.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है. बीते 7 दिनों दिन से नागपुर का न्यूनतम पारा लगातार गिर रहा है. न्यूनतम तापमान गिरने के साथ ही ठंड फिर लौट रही है. न्यूनतम तापमान गिरने से रात को ठंड का एहसास हो रहा है. पिछले दो दिन में न्यूनतम तापमान 4.2 डिग्री गिर गया है. बुधवार को अधिकतम तापमान 27.4 डिग्री व न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस रहा.

    मौसम विभाग की मानें तो बंगाल की खाड़ी व अरब सागर में फिलहाल कोई सिस्टम तैयार नहीं हो रहा. कम दबाव का क्षेत्र या अवदाब की स्थिति नहीं होने से तापमान गिर रहा है. उत्तर-पश्चिम से शुष्क हवाएं आ रही हैं. शुष्क व उत्तर-पश्चिमी हवा से ठंड बढ़ रही है. न्यूनतम तापमान और गिरने की संभावना है. दिन में भले ही ठंड का एहसास न हो, लेकिन रात को ठंड महसूस होगी. मंगलवार को आसमान साफ रहा. लेकिन रात में तापमान में गिरावट दर्ज की गई. नागपुर समेत पूरे विदर्भ में न्यूनतम तापमान लगातार गिरते रहने की संभावना है.

     गर्म कपड़ों के बाजार हुए गुलजार 

    जैसे-जैसे सर्दी बढ़ रही है वैसे-वैसे गर्म कपड़ों की बिक्री बढ़ने लगी है. इसके साथ ही बाजार में नाश्ते की दूकानों पर चटपटे व्यंजन नजर आने लगे हैं. जो लोग खरीदारी के लिए बाजार आ रहे हैं, वे गर्मा गर्म चटपटे व्यंजनों का लुत्फ परिवार सहित उठाते नजर आ रहे हैं. दूकानदारों की मानें तो अभी तक गर्म पकड़ों की बिक्री में कोई खास इजाफा नहीं हुआ था लेकिन जैसे-जैसे ठंड अपना असर दिखा रही है वैसे-वैसे ग्राहकी भी जोर पकड़ रही है. जिससे दूकानदारों को अच्छे मुनाफे की आस जगी है.

    स्वास्थ्य के प्रति रहें सचेत 

    बढ़ती सर्दी के साथ ही स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए डॉक्टरों ने भी चेतावनी जारी कर दी है. डॉक्टरों के अनुसार तेजी से बदल रहा मौसम बुजुर्ग और बच्चों की तबीयत बिगाड़ सकता है. इस मौसम में सबसे ज्यादा निमोनिया, सर्दी, जुकाम,खांसी का खतरा रहता है. कुछ लोगों के जोड़ों में दर्द की शिकायत भी हो सकती है. अगर शरीर कोई खास संकेत दे रहा है तो अपने डॉक्टर से शरीर का चेकअप जरूर कराएं. इससे समय पर इलाज मिलने से रोग का ज्यादा असर नहीं पड़ेगा.   

    मौसम का हाल

    तारीख                  अधिकतम      न्यूनतम

    14.12.21              27.4          13.6         

    13.12.21              28.5          13.4

    12.12.21              29.9           14.4

    11.12.21              28.9           17.6

    10.12.21              29.6           16.4

    09.12.21              30.6           18.5

    08.12.21              30.2           17.0