नवी मुंबई पुलिस के API सुभाष पुजारी ने अंतरराष्ट्रीय बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप में जीता कांस्य पदक

    Loading

    मुंबई: उज्बेकिस्तान के ताशकंद में 1-7 अक्टूबर से आयोजित 12वीं विश्व शरीर सौष्ठव और शारीरिक खेल स्पर्धा (12th World Bodybuilding and Physique Sports Championship 2021) का आयोजन किया गया था। जिसमें नवी मुंबई यातायात विभाग के सहायक पुलिस निरीक्षक सुभाष पुजारी (Subhash Pujari) कांस्य पदक(Bronze Medal) जीता है। 

    बता दें कि एपीआई पुजारी ने 80 किलोग्राम वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। इस आंतरराष्ट्रीय चैंपियनशिप में 30 देशों के 360 प्रतिभागियों ने भाग लिया था, जिसमें विभिन्न भार वर्गों में भारत के 70 प्रतिभागी शामिल थे। 

    पुजारी ने शरीर सौष्ठव प्रतियोगिताओं में पदक हासिल कर नवी मुंबई पुलिस के लिए प्रशंसा अर्जित की है। बता दें कि पुजारी ने मार्च में खारघर नवी मुंबई में आयोजित राज्य स्तरीय बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतकर ‘मास्टर महाराष्ट्र श्री’ का खिताब जीता था। वहीं लुधियाना पंजाब में आयोजित राष्ट्रीय स्तर की बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप  ‘मास्टर भारत श्री’ का खिताब जीतकर एक और स्वर्ण पदक जीता था। इस प्रकार उन्होंने  उज्बेकिस्तान में अंतरराष्ट्रीय बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया और 80 किग्रा वर्ग में भारत का प्रतिनिधित्व किया।

    एपीआई पुजारी ने कहा, “राष्ट्र-स्तरीय चैंपियनशिप जीतने के बाद मैंने सितंबर में मालदीव में होने वाली एशिया-स्तरीय बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप के लिए क्वालीफाई किया था, लेकिन उसे स्थगित कर दिया गया था। जब मैं कोल्हापुर में ग्रेजुएशन की पढ़ाई कर रहा था, तब मैंने जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की शरीर सौष्ठव प्रतियोगिताओं में भाग लिया था। हालांकि मैंने पिछले 20 वर्षों से शरीर सौष्ठव प्रतियोगिताओं में भाग नहीं लिया, लेकिन 2003 में कांस्टेबल की तौर पर पुलिस बल में शामिल होने के बाद भी मैंने व्यायामशाला में शारीरिक व्यायाम नहीं छोड़ा।”

    पुजारी ने आगे कहा कि वह अपनी ड्यूटी पूरी करते है और रोजाना कम से कम 6 घंटे व्यायाम  करते हैं और स्वस्थ शरीर के लिए सख्त आहार व्यवस्था का पालन करते हैं। उन्होंने कहा, ‘साथियों और परिवार के सदस्यों के प्रोत्साहन से मैंने बॉडीबिल्डिंग चैंपियनशिप में भाग लिया और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कांस्य पदक जीतकर गर्व महसूस कर रहा हूं, और भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर की चैंपियनशिप में स्वर्ण जीतने के लिए कड़ी मेहनत करूंगा।’