महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री से अपील करता हूं, मामला अदालत में है, इसे कानूनी रूप से लड़ें: बसवराज बोम्मई

    Loading

    कर्नाटक: महाराष्ट्र-कर्नाटक सीमा विवाद (Maharashtra-Karnataka border dispute) का मामला शांत होने का नाम ही नहीं ले रहा है। दोनों राज्यों के मुख्यमंत्री आमने-सामने हैं। कर्नाटक में महाराष्ट्र के मंत्रियों का दौरा करने से नाराज कर्नाटक के सीएम ने कहा कि मामला कोर्ट (court) में है इसलिए इसे कानूनी तरीके से लड़ा जाए।  

    महाराष्ट्र के मंत्रियों के दौरे पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई (Basavaraj Bommai) ने कहा कि हमने उन्हें पहले ही बता दिया है कि यह कानून और व्यवस्था की समस्या पैदा करेगा। इसलिए यह आने का सही समय नहीं है। मैं महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री से अपील करता हूं कि मामला अदालत में है और इसे कानूनी रूप से लड़ें। 

    इससे पहले महाराष्ट्र के साथ सीमा विवाद पर कर्नाटक के सीएम बसवराज बोम्मई ने बीते शुक्रवार को कहा था कि हमारे मुख्य सचिव ने महाराष्ट्र के मुख्य सचिव को लिखा है कि महाराष्ट्र के मंत्रियों को इस समय कर्नाटक का दौरा नहीं करना चाहिए, जब दोनों राज्यों के बीच ऐसी स्थिति है।

    गौरतलब है कि देश के लगभग 10 राज्यों में इस समय सीमा विवाद चल रहा है। इस बीच, महाराष्ट्र और कर्नाटक में चल रहा सीमा विवाद एक बार फिर चर्चा में है। इस समय दोनों राज्यों में बीजेपी की सरकार है, लेकिन दोनों राज्यों के सीएम आमने सामने हैं। अब महाराष्ट्र के मंत्रियों के दौरे से सीएम बसवराज बोम्मई नाराज दिख रहे हैं।