Dussehra Rally

    Loading

    औरंगाबाद: शिवसेना (Shiv Sena) की ओर से हर साल दशहरा के उपलक्ष्य में रैली (Dussehra Rally) का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष शिंदे गुट की शिवसेना की ओर से दशहरा पर मुंबई (Mumbai) में जन रैली का आयोजन किया गया है। रैली के लिए औरंगाबाद जिले भर से 25 हजार कार्यकर्ता रवाना होंगे। यह जानकारी औरंगाबाद मध्य के शिंदे गुट (Shinde Camp) के विधायक प्रदीप जैसवाल (MLA Pradeep Jaiswal) और जिला प्रमुख राजेन्द्र जंजाल ने आयोजित प्रेस वार्ता में दी।

    उन्होंने बताया कि इन दिनों मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के निर्देश पर राज्यभर में हिंदु गर्व गर्जना मुहिम जारी है। इस मुहिम को लेकर एक सम्मेलन 30 सितंबर को शहर के संत एकनाथ रंग मंदिर में आयोजित किया गया है। सम्मेलन में सीएम शिंदे के अध्यक्षता में मुंबई में दशहरा के दिन आयोजित जन रैली में बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहुंचने के लिए नियोजन किया जाएगा। सम्मेलन को जिले के पालकमंत्री संदिपान भुमरे मार्गदर्शन करेंगे। इस अवसर पर कृषि मंत्री अब्दुल सत्तार, विधायक संजय सिरसाठ, विधायक प्रदीप जैसवाल प्रमुख रुप से उपस्थित रहेंगे। सम्मेलन में शिंदे गुट के युवा सेना पदाधिकारी, महिला आघाडी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहेंगे। यह जानकारी शिंदे गुट के जिला प्रमुख राजेन्द्र जंजाल ने दी। 

    शिंदे गुट की दशहरा रैली होगी कामयाब

    प्रेस वार्ता में जिला प्रमुख राजेन्द्र जंजाल ने दावा किया कि सीएम एकनाथ शिंदे के अध्यक्षता में मुंबई में आयोजित हो रही दशहरा रैली कामयाब होगी। शिवसेना द्वारा अब तक मुंबई में आयोजित की दशहरा रैली को सिर्फ पदाधिकारी पहुंचते थे,परंतु इस बार हमारा प्रयास है कि शिंदे गुट की दशहरा रैली को पदाधिकारियों के अलावा कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में पहुंचे। इसलिए हमने 25 हजार कार्यकर्ता सीएम शिंदे की रैली में पहुंचने का नियोजन शुरु किया है। रैली के लिए औरंगाबाद से पुणे जाते समय यातायात की समस्या न हो, इसलिए वाहन औरंगाबाद-पुणे, औरंगाबाद नाशिक और कल्याण मार्ग से मुंबई पहुंचेंगे। 

    कार्यकर्ताओं की संख्या अधिक होगी

    एक सवाल के जवाब में विधायक प्रदीप जैसवाल ने कहा कि हमने इससे पूर्व  शिवसेना प्रमुख स्व. बाल ठाकरे की दशहरा रैली और उसके बाद उद्धव ठाकरे के रैली के लिए कई बार नियोजन किया हुआ है। इसलिए इस बार सीएम के शिंदे की रैली के लिए मुंबई तक कार्यकर्ताओं को पहुंचाने के लिए हमें ज्यादा दिक्कतें नहीं आएगी। अंत में शिंदे गुट के जिला प्रमुख राजेन्द्र जंजाल ने विश्वास जताया कि शिंदे गुट के विधायक, पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं की इच्छा है कि हमारी रैली कामयाब हो क्योंकि हमारे पास रैली में मन से पहुंचनेवाले कार्यकर्ताओं की संख्या अधिक होगी।