Manish Kalvania

    Loading

    औरंगाबाद: राज्य सरकार ने तीन दिन पूर्व कई आला पुलिस अधिकारियों के तबादले (Transfers) किए थे। इन तबादलों में औरंगाबाद ग्रामीण (Aurangabad Rural) के तत्कालीन एसपी निमित गोयल का तबादला 6 माह में कर उनके स्थान पर नागपुर (Nagpur) के पुलिस उपायुक्त मनीष कलवानिया (Manish Kalvania) की नियुक्ति की। शुक्रवार की सुबह मनीष कलवानिया औरंगाबाद पहुंचे और उन्होंने औरंगाबाद ग्रामीण के एसपी का पदभार संभाल लिया।

    गौरतलब है कि औरंगाबाद ग्रामीण के नवनियुक्त एसपी मनीष कलवानिया यह गड़चिरोली के अपर पुलिस अधीक्षक थे, तब उन्होंने मार्च 2021 में नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अबुझामड़ के नक्सलियों का बड़े कैम्प को नष्ट कर दिया था। दो दिन तक यह ऑपरेशन लगातार जारी था। इस कार्रवाई के दरमियान 60 जवानों की विशेष टूकड़ी रास्ता भटक गयी थी। दो दिन में विशेष टूकड़ी में तैनात पुलिस  कर्मियों का तीन बार नक्सलियों से सामना हुआ था। इसमें तीन से चार नक्सली गंभीर रुप से घायल हुए थे। उस समय मनीष कलवानिया और उनकी टीम ने नक्सलियों से बड़े पैमाने पर हथियार बनाने का साहित्य, गोलाबारुद जब्त किया गया था। उसके बाद उनका तबादला नागपुर के उपायुक्त पद पर हुआ था। 

    शुक्रवार की सुबह औरंगाबाद ग्रामीण के नए एसपी मनीष कलवानिया औरंगाबाद पहुंचे। उन्होंने तत्कालीन एसपी निमित गोयल से पदभार संभालकर ग्रामीण क्षेत्र की जानकारी ली। उसके बाद उन्होंने निचले कुछ पुलिस अधिकारियों से भी चर्चा कर ग्रामीण के कानून-व्यवस्था का जायजा लिया। उधर, औरंगाबाद ग्रामीण के तत्कालीन एसपी निमित गोयल का तबादला गृह मंत्रालय ने औरंगाबाद में ही राज्य आरक्षित पुलिस बल गुट नंबर 14 के समादेशक पद पर किया। अक्टूबर 2021 में ही निमित गोयल को औरंगाबाद ग्रामीण एसपी का पदभार सौंपा गया था। 7 माह में गोयल जिले में कोई विशेष प्रभाव नहीं डाल पाए, बल्कि औरंगाबाद रेंज के विशेष पुलिस महानिरीक्षक के. मल्लिकार्जुन  साथ भी उनके बेहतर संबंध नहीं रहें। इतने कम समय में उनका तबादला होने को लेकर आश्चर्य जताया जा रहा है। 

    उधर, राज्य सरकार ने औरंगाबाद ग्रामीण के साथ-साथ जालना के पुलिस अधीक्षक विनायक देशमुख का तबादला मुंबई पश्चिम के प्रादेशिक विभाग के अपर पुलिस आयुक्त पद पर किया। उनके स्थान पर जालना के नए एसपी के रुप में चन्द्रपुर के अपर पुलिस अधीक्षक अतुल कुलकर्णी की नियुक्ति की गई है। साथ ही उस्मानाबाद के पुलिस अधीक्षक नीवा जैन का तबादला किया गया। उनके स्थान पर अक्षय शिंदे की नियुक्ति की गई है। शिंदे नागपुर शहर में उपायुक्त पद पर कार्यरत थे।