MP IMTIYAZ JALIL

    Loading

    औरंगाबाद. कोरोना महामारी (Corona Epidemic) फैलकर एक साल का समय गुजरा है। आधुनिकता के इस युग में सरकार और प्रशासन  ने आज तक इस महामारी को रोकने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं (Health Services) में कोई सुधार नहीं किया। मरीजों पर इलाज (Treatment) के लिए जरुरी स्वास्थ्य सेवाओं में आज बड़े पैमाने पर हजारों पद रिक्त हैं। इन पदों पर तत्काल भर्ती तथा प्रशासन द्वारा बार-बार लॉकडाउन (Lockdown) लगाने  के विरोध में बुधवार को मोर्चा का आयोजन सांसद इम्तियाज जलील (MP Imtiaz Jalil) के नेतृत्व में किया गया है। 

    सांसद जलील ने मोर्च को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि प्रशासन को इस महामारी को रोकने के लिए एक साल का समय मिला, परंतु आज तक सरकार और प्रशासन इस महामारी को रोक नहीं पाया। महामारी को न रोकने का मुख्य कारण स्वास्थ्य सेवाओं में बड़े पैमाने पर रिक्त पडे़ पदों का  होने का आरोप सांसद जलील ने लगाया। 

    दो हजार से अधिक पद रिक्त

    उन्होंने बताया कि जिले के विविध सरकारी अस्पताल में डॉक्टर, नर्सेस, पॅरामेडिकल स्टाफ ऐसे लगभग 2 हजार से अधिक पद रिक्त है। जिसमें घाटी अस्पताल में 868 पद, मनपा स्वास्थ्य विभाग में 83 पद, कैन्सर अस्पताल में 122 पद तथा कैन्सर अस्पताल में 364 पद रिक्त है। इसके अलावा घाटी में 4 साल पहले निर्माण किए सुपर स्पेशालिटी हॉस्पिटल में 219 पद रिक्त है। इन पदों पर भर्ती के लिए सरकार और प्रशासन द्वारा किसी प्रकार की पहल नहीं की गई। इन पदों को पर आखिर कब भर्ती होगी ? यह सवाल जलील ने करते हुए लॉकडाउन लगाने पर कड़ी नाराजगी जताई।

    हर वार्ड में खोले जाए फुड स्टॉल 

    सांसद जलील ने कहा कि गत वर्ष बार-बार लगाए गए लॉकडाउन काल में बड़े पैमाने पर घरों से बाहर निकले लोगों से पुलिस प्रशासन और बिना मास्क घर के बाहर निकले लाखों लोगों से पुलिस और मनपा प्रशासन ने लाखों रुपए राजस्व जमा किया। यह रकम  प्रशासन द्वारा 30 मार्च से 8 अप्रैल तक शहर में लगाए जानेवाले लॉकडाउन में फूड स्टॉल पर खर्च करने की मांग की। जलील का कहना था कि प्रतिदिन कमाकर अपने परिवार का पेल पालनेवाले लोग लॉकडाउन काल में अपना पेट कैसे भर पाएंगे?। ऐसे में उन लोगों के लिए  हर वार्ड में मनपा व पुलिस प्रशासन फूड स्टॉल खोले यह मांग जलील ने की। उन्होंने शहरवासियों से उनके द्वारा लॉकडाउन का विरोध करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं में रिक्त पदों पर  तत्काल भर्ती की मांग को लेकर बुधवार को आयोजित मोर्च में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की। जलील ने बताया कि बुधवार की दोपहर 3 बजे मोर्चा सोशल डिस्टेन्सिंग का पालन करते हुए पैठन गेट से निकलकर कलेक्टर ऑफिस पहुंचेगा।