Aurangabad Municipal Corporation

    Loading

    औरंगाबाद. स्थानीय  महानगरपालिका प्रशासन (Local Municipal Administration) ने दीपावली (Diwali) के पावन पर्व (Auspicious Festival) के उपलक्ष्य में अपने क्लास – 4 कर्मचारियों को बोनस और क्लास -3  और अधिकारियों को  12 हजार रुपए फेस्टिवल एडवांस  देने का निर्णय लिया है। प्रशासन के इस निर्णय से महानगरपालिका कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ी  है।

    महानगरपालिका  के नवनियुक्त  मुख्य लेखााधिकारी सिध्दार्थ वाहुले ने बताया कि महानगरपालिका कमिश्नर आस्तिक कुमार पांडेय से चर्चा कर महानगरपालिका  के क्लास-4 स्थायी कर्मचारियों के अलावा डेली वेजस और अन्य विभागों में  कार्यरत कर्मचारियों को बोनस के अलावा दीपावली गिफ्ट देने का निर्णय लिया गया। इस निर्णय के तहत महानगरपालिका में कार्यरत स्थायी 2593 क्लास-4 कर्मचारियों को इसका लाभ होगा। क्लास 4 के हर कर्मचारी को 3 हजार 500 रुपए बोनस दिया जाएगा। इसके अलावा डेली वेज पर काम करनेवाले 100 कर्मचारियों के अलावा स्वास्थ्य, शिक्षा, बचत गुट और आशा वर्कर ऐसे  602 कर्मचारियों को दीपावली गिफ्ट दिया जाएगा। उसके तहत प्रति कर्मचारी को 2 हजार रुपए दिए जाएंगे। साथ ही महानगरपालिका में कार्यरत क्लास-3 और अन्य अधिकारियों को फेस्टिवल एडवांस  के रुप में प्रति कर्मचारी 12 हजार रुपए देने का निर्णय लिया गया है।

    प्रशासन के इस निर्णय के बाद महानगरपालिका की तिजोरी से दीपावली बोनस और दीपावली गिफ्ट पर करीब 1 करोड़ 5 लाख रुपए खर्च होने की जानकारी मुख्य लेखाधिकारी सिध्दार्थ वाहुले ने दी। गुरुवार की सुबह महानगरपालिका प्रशासन ने दीपावली बोनस देने का निर्णय लेने की खबर शाम तक महानगरपालिका कर्मचारियों को पता चलते ही उनमें खुशी की लहर दौड़ गई है। वैसे, महानगरपालिका प्रशासन हर साल दीपावली के पावन पर्व पर अपने कर्मचारियों को बोनस देता  है। लेकिन, इन दिनों  महानगरपालिका की आर्थिक स्थिति  कमजोर होने से प्रशासन बोनस देने का निर्णय कब लेगा, इसको लेकर कर्मचारियों में बेचैनी थी। लेकिन, गुरुवार को महानगरपालिका प्रशासन द्वारा बोनस देने का निर्णय लेने के बाद महानगरपालिका कर्मचारियों ने राहत की सांस ली है।