rain
File Pic

Loading

छत्रपति संभाजीनगर: शुक्रवार की दोपहर में शहर और आस-पास इलाकों में बेमौसम बारिश (Unseasonal Rain) ने कहर बरपाया। अचानक दोपहर के समय आसमान में काली घटा छायी और चारों तरफ अंधेरा छा गया। उसके चंद मिनटों बाद ही तेज हवा के साथ तेज बारिश (Heavy Rain) शुरु हो गई। अचानक मौसम में आए बदलाव से शहरवासी इधर-उधर भटकते हुए नजर आएं। तेज हवा और बारिश के चलते कई स्थानों पर वाहनों का बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है।

वैसे, गत एक सप्ताह से मौसम विभाग द्वारा मराठवाडा में बारिश  होने का अनुमान लगाया है। गत दो दिन से मराठवाडा के नांदेड, परभणी, हिंगोली परिसर में जोरदार बारिश हुई। शुक्रवार को सुबह से ही शहर में मौसम में बदलाव नजर आ रहा था। सुबह के समय आसमान में मामूली धूप थी, लेकिन दोपहर 12 बजे के बाद अचानक मौसम ने करवट ली। आसमान में काले घने बादल छा गए। काले बादल छाने के बाद अंधेरा छाकर तेज हवा शुरु हो गई। तेज हवा और बारिश के चलते अग्निशमन दल के पास पेड़ गिरने के अलावा अलग-अलग घटनाओं के कई फोन आने लगे।

वाहनों को हुआ नुकसान

मिली जानकारी के अनुसार, एमजीएम अस्पताल के पास पेड गिरने से यातायात पूरी तरह जाम था। दमकल विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने तत्काल घटनास्थल पहुंचकर पेड़ को हटाया, जिसके बाद यातायात शुरु हो सकी। इसके अलावा महानगरपालिका मुख्यालय के पार एक कार पर पेड़ गिरने से उस वाहन का बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ। वहीं, शहर के जयसिंगपुरा के मीरा प्रभा अपार्टमेंट के तलघर में बड़े पैमाने पर पानी जमा हुआ। जिससे वहां के नागरिकों को काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। 

इन इलाकों में गिरे पेड़

दमकल विभाग के कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत कर पानी बाहर निकाला। साथ ही शिवाजी नगर परिसर में बिजली का खंभा भी कार पर गिरने से नुकसान होने की जानकारी मिली है। कई इलाकों में घरों में पानी भर जाने को लेकर भी कई कॉल दमकल विभाग के पास आए। इसके अलावा शहर के एकता नगर, विद्यानगर परिसर में भी कई पेड गिरने की घटना घटी। अदालत रोड पर एक्सिस बैंक के निकट एक पेड गिरने की जानकारी मिली है।  उधर, देर शाम संभाजीनगर तहसील के करमाड, लाडसावंगी, प्रिंपीराजा, शेन्द्रा, कुंभेफल शेकटा और अन्य स्थानों पर बारिश जारी थी।