Rahul Gandhi

    Loading

    मुंबई. कांग्रेस (Congress) की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ (Bharat Jodo Yatra) महाराष्ट्र (Maharashtra) के बुलढाणा जिले (Buldhana District) के शेगांव (Shegaon) पहुंची, जहां पार्टी के पूर्व राष्ट्रिय अध्यक्ष और सांसद राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने आयोजित सभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने देश में नफरत, हिंसा और डर फैला दिया है।

    राहुल गांधी ने कहा, “विपक्ष के लोगों ने सवाल पूछा था कि यात्रा का क्या फायदा। देश के कोने-कोने में आज भाजपा ने नफरत और हिंसा फैला दी है। डर फैला दिया है। कोई भी इस यात्रा के उद्देश्य को समझना नहीं चाहता। इस यात्रा का लक्ष्य जनता की आवाज़ को सुनना है।”

    राहुल ने कहा, “ये यात्रा 70 दिन पहले कन्याकुमारी से शुरू हुई थी। रोजाना 25 किलोमीटर का सफर है। यह यात्रा तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक, तेलंगाना, आंध्र और अब महाराष्ट्र तक पहुंची। विरोधियों ने सवाल किया था कि यात्रा की क्या जरूरत है? क्या फायदा है?” उन्होंने कहा, “डर, हिंसा, नफरत बांटती है लेकिन प्यार सबको जोड़ता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि, “भारत जोड़ो का उद्देश्य ‘मन की बात’ हासिल करना नहीं है। हिंसा और नफरत से देश को कभी फायदा नहीं होगा।”

    कांग्रेस सांसद ने कहा, “यह जमीन छत्रपति शिवाजी महाराज, शाहू, फुले, आंबेडकर की है। यह विश्व को दिशा देने वाले शिवराय की भूमि है।” उन्होंने केंद्र सरकार पर किसानों से अन्याय करने का आरोप लगाते हुए कहा, “यहां विदर्भ के किसान परेशान हैं। बीमा का पैसा देने के बाद भी किसानों को पैसा नहीं मिलता है। किसानों के माल की कोई कीमत नहीं है। किसानों को मुआवजा नहीं मिल रहा है। मोदी सरकार किसानों के साथ अन्याय कर रही है।”

    कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष ने यह भी कहा कि, “कुछ उद्योगपतियों का हजारों करोड़ का कर्ज माफ किया जाता है, दो-तीन उद्योगपति देश का कर्ज डूबा रहे हैं।” उन्होंने कहा, “लाखों रुपए खर्च कर बच्चे शिक्षा पाते हैं। फिर भी उन्हें रोजगार नहीं मिलता है, हम युवाओं के लिए बिना रोजगार वाला भारत नहीं चाहते।”