Govardhan Sharma Passes Away

Loading

अकोला: कैंसर से जूझ रहे भारतीय जनता पार्टी (BJP) के विधायक और महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री गोवर्धन शर्मा (Govardhan Sharma Passes Away) का शुक्रवार को अकोला (Akola) में निधन हो गया। वह 74 वर्ष के थे। उनके परिजनों ने यह जानकारी दी। ‘लालाजी’ के नाम से मशहूर शर्मा ने वर्ष 1995 से छह बार अकोला पश्चिम विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया। भाजपा के स्थानीय नेताओं ने बताया कि शनिवार को अकोला में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। 

लालाजी के नाम से लोकप्रिय गोवर्धनजी हमेशा एक सार्वजनिक व्यक्ति थे। वह लोगों के दुख-दर्द में लगातार और सही मदद करने वाले के रूप में जाने जाते थे। 3 सप्ताह पहले ही उन्हें डाक्टरों के सुझाव पर मुंबई से विशेष विमान द्वारा अकोला लाया गया था। तब से घर में ही उपचार करवा रहे थे। उनकी अंत्ययात्रा शनिवार की दोपहर 2 बजे करीब अलसी प्लाट स्थित उनके निवास से निकलेगी। निधन का समाचार सुनते ही बड़ी संख्या में लोग उनके निवास स्थान पर उमड़ पड़े थे।   

 देवेंद्र फड़णवीस ने दी श्रद्धांजलि 

उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस ने ट्वीट कर गोवर्धन शर्मा को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा, ‘अकोला पश्चिम से भारतीय जनता पार्टी के विधायक गोवर्धनजी शर्मा के निधन की खबर सुनकर स्तब्ध हूं। मैं उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।’

उन्होंने कहा कि लालाजी के नाम से लोकप्रिय गोवर्धनजी हमेशा एक सार्वजनिक व्यक्ति थे। वह लोगों के दुख-दर्द में लगातार और सही मदद करने वाले के रूप में जाने जाते थे। उनके निधन से मैंने एक वरिष्ठ सहयोगी और एक वफादार, मिशन-उन्मुख नेता खो दिया है। यह पार्टी के लिए अपूरणीय क्षति है।

उन्होंने कहा कि उन्होंने अकोला जिले में पार्टी के शहर अध्यक्ष, जिला अध्यक्ष जैसी विभिन्न जिम्मेदारियां संभालकर पार्टी के विस्तार में बहुत योगदान दिया। उन्होंने पार्षद, विधायक, राज्य मंत्री आदि विभिन्न पदों पर रहकर जनता की सेवा की। विट्ठल मंदिर का जीर्णोद्धार उनके द्वारा करवाया गया। लेकिन, इस मंदिर के माध्यम से उन्होंने धार्मिक क्षेत्र में भी महान कार्य किया। शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र में उनका योगदान सदैव याद रखा जायेगा।

उन्होंने कहा कि हाल ही में जब उन्हें इलाज के लिए मुंबई लाया गया तो उन्होंने अस्पताल का दौरा किया था।  गोवर्धन शर्मा ने राम मंदिर आंदोलन में सक्रिय रूप से भाग लिया, अकोला में रामनवमी शोभायात्रा शुरू की। उनके निधन से हमने एक सच्चा रामभक्त खो दिया है। मैं प्रार्थना करता हूं कि ईश्वर उनके परिवार और सभी कार्यकर्ताओं को यह दुख सहने की शक्ति दे।

अजित पवार ने जताया दुःख 

 गोवर्धन शर्मा का निधन उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने दुःख जताया। उन्होंने कहा, ‘मैं स्वर्गीय गोवर्धन शर्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।’