नागपुर में नहीं! अब मुंबई में होगा विधानसभा का ‘विंटर सेशन’

    Loading

    मुंबई: एक बड़ी खबर के अनुसार महाविकास अघाड़ी सरकार राज्य विधानसभा का शीतकालीन सत्र नागपुर के बजाय मुंबई में होने वाला है। महाविकास अघाड़ी सरकार की कैबिनेट बैठक में यह अहम फैसला लिया गया है। बता दें कि पिछले साल की तरह यह लगातार दूसरा वर्ष है। बीते  साल COVID-19 महामारी के वजह से राज्य की राजधानी मुंबई में सत्र आयोजित किया गया था।

    खबरों के मुताबिक, विधानसभा सत्र 7 दिसंबर को शुरू होने वाला था, लेकिन 10 दिसंबर को होने वाले विधान परिषद की छह सीटों के चुनाव के लिए लागू आचार संहिता के बाद इसे टाल दिया गया है। हालांकि, एक कैबिनेट मंत्री ने कहा कि विधानसभा का सत्र 20 से 29 दिसंबर के बीच होने की संभावना है।

    मंत्री ने कहा,‘‘ इस संबंध में अंतिम फैसला 29 नवंबर को होने वाली कार्य मंत्रणा समिति (बीएसी) की बैठक में लिया जाएगा। इस बैठक के बाद नागपुर के बजाय विधानमंडल का सत्र मुंबई में आहूत करने की घोषणा की जाएगी।”

    बता दें कि मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे का अभी भी सर्जरी के बाद अस्पताल में इलाज चल रहा है। इसलिए उन्होंने आज की कैबिनेट बैठक में ऑनलाइन भाग लिया। वहीं सीएम सचिवालय से सोमवार को एक बयान में कहा गया, “वह वर्तमान में बहुत स्थिर हैं और समय आने पर उन्हें छुट्टी दे दी जाएगी।”

    ज्ञात हो कि पिछले साल भी शीतकालीन सत्र मुंबई में आयोजित किया गया था। नागपुर समझौते के अनुसार, वर्ष में कम से कम एक बार नागपुर में एक सम्मेलन आयोजित करना अनिवार्य है। यदि अधिवेशन मुंबई में होता है, तो विपक्ष सरकार पर हमला कर सकता है।