महाराष्ट्र मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे
महाराष्ट्र मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे

    Loading

    मुंबई: सूत्रों के हवाले से खबर मिली है कि, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Maharashtra CM Eknath Sindhe) को जान से मारने की धमकी मिली है। इस धमकी में उन्हें आत्मघाती विस्फोट से उड़ाने (CM Shinde Threat Call) की बात कही गई है। गुप्तचर विभाग को इसकी जानकारी मिली है। 

    बता दें कि, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री शिंदे को पहले जान से मारने की धमकी से भरा एक पत्र भी एक महीने पहले आया था। उस पत्र में भी उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई थी। लेकिन, अब धमकी देने वाले का फोन भी आया है। इससे पहले भी नक्सलवादियों द्वारा मुख्यमंत्री को जान से मारने की बात कही जा चुकी है। 

    ज्ञात हो कि, शिंदे के मुख्यमंत्री बनने के बाद से अब तक उन्हें तीन बार जान से मारने की धमकी आ गई है। एक बार तब भी उन्हें मारने की साजिश रची गई थी जब वे आषाढ़ी एकादशी के समय पंढरपुर के दौरे पर थे। गढ़चिरौली के संरक्षक मंत्री होने की वजह वह नक्सलियों के निशाने पर भी रहे थे। वहीं, मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने राज्य की पुलिस को नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन तेज करने का आदेश भी दिया था। 

    ऐसी आशंका जताई जा रही है कि, कट्टरता और आतंक के खिलाफ सख्त रुख अपनाने की वजह से सीएम शिंदे पर हमले का खतरा बढ़ गया है। इसके अलावा नक्सली भी पुराना बदला लेने के लिए ऐसी साजिशें रच सकते हैं। तीसरी आशंका राजनीतिक प्रतिस्पर्धा भी बताई जा रही है।