
नई दिल्ली/मुंबई. जहाँ एक तरफ महाराष्ट्र (Maharashtra) में सियासी संकट अब और भी गहराता जा रहा है। वहीँ मिली खबरों के अनुसार, अब शिवसेना के दो और विधायक संजय राठौर और योगेश कदम एकनाथ शिंदे के समर्थन में आ गए हैं। इतना ही नहीं वे मुंबई से गुवाहाटी के लिए रवाना हो गए हैं। इस तरह अब देखा जाए तो 42 विधायक महाराष्ट्र की उद्धव सरकार के खिलाफ खड़े दिख रहे हैं। वहीं खबर यह भी है कि, शाम तक यह आंकड़ा 50 तक भी जा सकता है। बता दें कि शिवसेना के अभी विधानसभा में 56 विधायक हैं।
बता दें कि आज, शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में महाराष्ट्र के बागी विधायकों का एक समूह बुधवार सुबह गुवाहाटी पहुंचा। यहां उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच शहर के बाहरी इलाके में एक लग्ज़री होटल में ले जाया गया है। हवाई अड्डे पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद पल्लब लोचन दास और सुशांत बोरगोहेन ने इन बागी विधायकों का स्वागत किया। शिंदे ने पहले हवाई अड्डे के बाहर इंतजार कर रहे पत्रकारों से बात करने से इनकार कर दिया था, हालांकि बाद में उन्होंने कहा था कि उनके पास “40 विधायकों का समर्थन” है।
वहीँ शिवसेना के एक बागी मंत्री ने आज यानी बुधवार को कहा कि उन्हें पार्टी नेतृत्व से कोई शिकायत नहीं है, लेकिन वह NCP और कांग्रेस के काम करने के तरीकों से खुश नहीं हैं। महाराष्ट्र में शिवसेना नीत MVA सरकार है, जिसमें NCP और कांग्रेस भी शामिल हैं। ऐसा शायद पहली बार है कि पश्चिमी भारतीय राज्य के विधायकों को पार्टी नेतृत्व के खिलाफ विद्रोह के बाद किसी पूर्वोत्तर राज्य लाया गया है। वहीं विधायकों की बगावत से महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली MVA सरकार अब संकट में आती दिख रही है।