Corona test
File Photo

    Loading

    मुंबई: देश में कोरोना महामारी (Coronavirus Pandemic) का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। खासकर महाराष्ट्र (Maharashtra) में कोविड के मामले बढ़ी तेजी से सामने आ रहे हैं। मुंबई (Mumbai) में भी अब कोविड बेकाबू हो गया है। महाराष्ट्र में जहां कोरोना के 31 हजार से अधिक मामले सामने आए हैं। वहीं मुंबई में अकेले सिर्फ 5185 नए कोरोना के केस सामने आए हैं। बढ़ते मामलों के बाद सवाल उठ रहा है कि क्या मुंबई फिर लॉकडाउन (Lockdown) की तरफ बढ़ रही है। हालांकि मुंबई की मेयर किशोरी पेडणेकर ने पहले ही कहा था कि अगर लोग सही से नियमों का पालन नहीं करते तो लॉकडाउन के अलावा कोई रास्ता नहीं है। 

    बता दें कि मुंबई में कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण सरकार की भी चिंता बढ़ी है। मुंबई में मौजूदा समय में कोविड के 30,760 एक्टिव केस हैं। जबकि 3,31,322 लोग इलाज कराकर ठीक हुए हैं। जबकि 1,606 की जान कोविड के चलते गई है। साथ ही कुल संक्रमितों की संख्या 3 लाख 74 हजार के पार पहुंच गई है।

    वहीं दूसरी तरफ ज्यादा मामलों के पीछे बीएमसी का तर्क है एक ही दिन में 40 हजार से अधिक टेस्टिंग करने के कारण इसमें इजाफा सामने आया है। कोरोना पॉजिटिव पाये गए मामलों में 84 फीसदी स्पर्शोन्मुख लोगों का समावेश है. बढ़ते मामलों के कारण सरकार जल्द ही कोई फैसला ले सकती है. 

    गौर हो कि महाराष्ट्र में बुधवार को एक दिन के भीतर सर्वाधिक 31,855 नए कोरोना के मामले सामने आए हैं और 95 लोगों की जान गई है। मुंबई के अलावा नाशिक, औरंगाबाद, पुणे, ठाणे, नागपुर, नांदेड, बीद में भी कोरोना के मामले बढ़े हैं।