CORONA

    Loading

    सूरज पांडे

    मुंबई. कोरोना वायरस निरंतर अपना रूप बदल रहा है। दूसरी लहर (Second Wave) में कोरोना वायरस के डेल्टा वैरिएंट (Delta Variant) ने काफी कहर बरपाया है, इसी बीच नए डेल्टा प्लस वैरिएंट ने भी महाराष्ट्र (Maharashtra) में दस्तक दे दी है। राज्य के कुछ जिलों से जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए सैंपल भेजे गए थे, जिसमें 20 मरीजों के सैंपल में वायरस के नए वेरिएंट की पुष्टि हुई है। महाराष्ट्र में दूसरी लहर का सबसे बड़ा कारण कोरोना वायरस का डेल्टा वेरिएंट है। अभी राज्य कोरोना की दूसरी लहर से पूरी तरह उभरा भी नहीं है कि वायरस के डेल्टा प्लस वेरिएंट की दस्तक ने स्वास्थ्य विभाग और सरकार की चिंता बढ़ा दी है।

    डेल्टा वेरिएंट न केवल भारत, बल्कि पूरे विश्व में कहर बरपा रहा है। हाल ही में विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) ने इस वेरिएंट को ‘चिंता के विषय’ के रूप में भी वर्गीकृत किया है। विशेषज्ञों का कहना है कि सबसे पहले ब्रिटेन में पाए गए कोरोना के अल्फा वेरिएंट्स की तुलना में डेल्टा काफी अधिक प्रभावी है। हालिया अपडेट में वैज्ञानिकों ने बताया है कि कोरोना का डेल्टा वेरिएंट (बी.1.617.2) म्यूटेशन के बाद ‘डेल्टा प्लस’ (एवाय.1) वेरिएंट में बदल गया है, जो और भी तेजी से फैलता है। 

    …तो अब तक की मेहनत पर पानी फिर सकता है

    स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि राज्य के कई जिलों से कुछ सैंपल जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए भेजे जा रहे हैं। 5 जिलों के कुछ सैंपल में डेल्टा प्लस वेरिएंट की पुष्टि हुई है। हमने सर्विलांस बढ़ा दी है और मरीज के संपर्क में आए लोगों को खोज कर उनकी भी जांच शुरू कर दी है। जैसे तैसे लॉकडाउन से लोगों को थोड़ी राहत मिली है कि अब नए वेरिएंट के मिलने से सरकार को लॉकडाउन में और छूट को लेकर आगे सोचना पड़ेगा। यदि ये वेरिएंट ज्यादा संक्रामक साबित हुआ तो अब तक की मेहनत पर पानी फिर सकता है। इतना ही नहीं यह तीसरी लहर के रूप में फिर से परेशानी बढ़ा सकता है।

    क्या है डेल्टा प्लस वैरिएंट ?

    दिल्ली स्थित सीएसआईआर-इंस्टीट्यूट ऑफ जीनोमिक्स एंड इंटीग्रेटिव बायोलॉजी (आईजीआईबी) के वैज्ञानिक विनोद स्कारिया ने एक ट्वीट में बताया कि कोरोना वायरस के स्पाइक प्रोटीन में म्यूटेशन के कारण डेल्टा प्लस वेरिएंट सामने आया है। वैज्ञानिकों की माने तो नया डेल्टा प्लस वेरिएंट, वायरस के K417N म्यूटेशन के कारण बना है।

    इन 5 जिलो में मिले नए वेरिएंट

    महाराष्ट्र के 5 जिलों में कोरोना वायरस का डेल्टा प्लस वेरिएंट मिले हैं। इसमें एमएमआर में आने वाले पालघर, नवी मुंबई, जलगांव, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग का समावेश है। कुल मिलाकर रविवार तक 20 सैंपल में नए वेरिएंट की पुष्टि हुई है।

    डेल्टा प्लस वेरिएंट कितना संक्रामक है। यह डेल्टा से भी ज्यादा खतरनाक है या नहीं इस पर कुछ कहना जल्द बाजी होगी। वायरस के इस नए वेरिएंट का अध्ययन करने के बाद ही पता चलेगा कि यह कितनी तेजी से फैलता है और यह जानलेवा है या नहीं।

    -डॉ. सुभाष सालुंखे, स्टेट कोविड एडवाइजर

    मुंबई से भी जीनोम सिक्वेंसिंग के लिए निरंतर सैंपल भेजे जा रहे हैं। हमें 'वेरिएंट ऑफ कंसर्न' की रिपोर्ट आई है, लेकिन अभी यह साफ नहीं हुआ है कि वह डेल्टा वेरिएंट है या डेल्टा प्लस। इस सप्ताह में कुछ रिपोर्ट्स आने वाली है तब पता चलेगा।

    -डॉ. मंगला गोमारे, कार्यकारी स्वास्थ्य अधिकारी, BMC