Devendra Fadnavis and Raj

    Loading

    मुंबई. महाराष्ट्र विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष देवेंद्र फडणवीस (Devendra Fadnavis) ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) प्रमुख राज ठाकरे (Raj Thackeray) के नए घर शिवतीर्थ (Shivteerth) का दौरा किया। यहां दोनों के बीच कई मुद्दों पर चर्चा हुई। जिससे राजनीतिक गलियारों में मनसे-भाजपा के गठबंधन की चर्चा शुरू हो गई। 

    देवेंद्र फडणवीस और अमृता फडणवीस ने बुधवार को राज ठाकरे और शर्मिला ठाकरे से मुलाकात की। इस दौरान फडणवीस दंपति ने ठाकरे दंपति को उनके नए घर के लिए बधाई दी। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दोनों नेताओं के बीच मुंबई नगर निगम चुनाव को लेकर चर्चा हुई। हालांकि, बीजेपी  ने कहा कि, फडणवीस दंपति के शिवतीर्थ बंगले पर जाना एक पारिवारिक मामला था। 

    गौरतलब है कि देवेंद्र फडणवीस 2014 से 2019 तक महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री रहे। इस दौरान उन्होंने राज ठाकरे के साथ मैत्रीपूर्ण संबंध बनाए रखा था। 2017 के मुंबई नगर निगम चुनाव में बीजेपी को 82 और शिवसेना ने 84 सीटों पर जीत हासिल की थी। वहीं राकांपा ने नौ और मनसे ने सात सीटें जीतीं। सत्ता में आने के कुछ दिनों बाद शिवसेना ने मनसे के सात में से छह पार्षदों को अपनी पार्टी में शामिल कर लिया था। शिवसेना की इस हरकत से राज ठाकरे नाराज हो गए थे।

    वहीं 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान राज ठाकरे ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा था। जहां लोकसभा चुनाव में जीत के बाद फिर से बीजेपी के नेतृत्व वाली सरकार बनी। इसके बाद 2020 में मनसे ने पार्टी का नया झंडा फहराया। यह भगवा झंडा अस्तित्व में आने के बाद से ही भाजपा और मनसे के बीच नजदीकियां बढ़ती जा रही हैं।

    उल्लेखनीय है कि फडणवीस से पहले बीजेपी के महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष चंद्रकांत पाटिल, विधायक और मुंबई बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष आशीष शेलार और प्रसाद लाड ने राज ठाकरे से मुलाकात की थी। वहीं अब फडणवीस ने भी राज से मुलाकात की है। इसे लेकर बीजेपी-मनसे गठबंधन की चर्चा जोर पकड़ने लगी है।